विज्ञापन
This Article is From Oct 19, 2013

विश्व मुक्केबाजी : थापा, नानाओ अंतिम 16 में पहुंचे, विजेंदर बाहर

अलमाटी:

मौजूदा एशियाई चैम्पियन शिवा थापा (56 किग्रा) और मौजूदा राष्ट्रीय चैम्पियन थोकचोम नानाओ सिंह (49 किग्रा) ने कजाकिस्तान के अलमाटी में चल रहे एआईबीए मुक्केबाजी विश्व चैम्पियनशिप के प्रीक्वार्टरफाइनल में प्रवेश कर लिया है। वहीं बीजिंग ओलिंपिक में कांस्य पदक विजेता स्टार भारतीय मुक्केबाज विजेंदर सिंह शनिवार को हुए मुकाबले में हारकर चैम्पियनशिप से बाहर हो गए हैं।

थापा ने चैम्पियनशिप के अपने पहले मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन किया। थापा ने फिलिपींस के मारियो फर्नाडीज के खिलाफ धीमी शुरुआत की, लेकिन दूसरे दौर में उन्होंने तेज हाथ दिखाए।

थापा ने फर्नाडीज को मात देकर मैच रेफरियों की सर्वसम्मति से चैम्पियनशिप के बैंटमवेट वर्ग के प्रीक्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। असम के थापा का अगले दौर में अर्जेंटीना के एल्बटरे मिलान से मुकाबला होगा।

एक अन्य भारतीय मुक्केबाज नानाओ सिंह ने शनिवार को स्काटलैंड के अकील अहमद को मात दी। अहमद के खिलाफ नानाओ ने बेहत आक्रामक रुख अपनाया और अपने प्रतिद्वंद्वी को चौंकाते हुए मुकाबला जीत लिया।

चैम्पियनशिप के अगले दौर में नानाओ सिंह का सोमवार को प्योटरे रिको के मुक्केबाज एंथनी रिवेरा चाकोन से मुकाबला होगा।

भारतीय दल को हालांकि विजेंदर सिंह के रूप में शनिवार को करारा झटका भी लगा। विजेंद्र और मौजूदा यूरोपियाई चैम्पियन एवं पांचवीं वरीयता प्राप्त आयरलैंड के जैसन क्वीग्ले के बीच मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण रहा।

विजेंदर ने आयरिश मुक्केबाज के खिलाफ कुछ बेहतरीन शॉट खेले, लेकिन अंतत: उन्हें विवादपूर्ण निर्णय में हारा हुआ घोषित कर दिया गया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
विश्व मुक्केबाजी, विजेंदर सिंह, नानाओ सिंह, Nanao Singh, Vijender Singh, World Boxing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com