भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त एकल टेनिस खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन ने वर्ष 2012 में शीर्ष-50 खिलाड़ियों में जगह बनाने के साथ-साथ लंदन ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य बनाया है।
वैश्विक खेल विपणन कम्पनी 'आईएमजी' द्वारा जारी विज्ञप्ति के मुताबिक सोमदेव ने कहा, "निश्चित तौर पर मेरा ध्यान ओलिंपिक पर है। मैं इस समय अपने खेल को सुधारने में लगा हुआ हूं। विश्व के शीर्ष-50 खिलाड़ियों में शामिल होना वास्तव में अच्छा होगा।"
चेन्नई ओपन दो से आठ जनवरी, 2012 तक खेला जाएगा। इसके सभी मुकाबले एसडीएटी नुंगाम्बाक्कम टेनिस स्टेडियम में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में भाग लेने वाले बेहतरीन खिलाड़ियों में विश्व के नौवीं वरीयता प्राप्त सर्बिया के जांको टिप्सारेविक और 10वीं वरीयता प्राप्त निकोलस अल्माग्रो का नाम शामिल है।
विश्व के 84वीं वरीयता प्राप्त सोमदेव वर्ष 2009 में इस टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में जगह बनाने में कामयाब हुए थे। बकौल सोमदेव, "निश्चित तौर पर मैं इस टूर्नामेंट में वर्ष 2009 के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। चेन्नई में खेलना मुझे अच्छा लगता है। यहां का वातावरण बेहतरीन होता है। लोग आपको समर्थन करते हैं। यहां खेलना अद्भुत है।"
इस वर्ष सितम्बर में सोमदेव को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। सोमदेव ने कहा, "घरेलू दर्शकों के सामने खेलना आसान नहीं है। आप अच्छा खेलना चाहते हैं। दर्शकों को आपसे बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा होती है इसलिए आप पर दबाव होता है।"
उल्लेखनीय है कि सोमदेव ने पिछले वर्ष नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में एकल स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया था जबकि उसी वर्ष चीन के क्वांगचो में सम्पन्न एशियाई खेलों में उन्होंने एकल और युगल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर खूब सुर्खियां बटोरी थी।
This Article is From Dec 29, 2011
लंदन ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई करना है लक्ष्य : सोमदेव
टेनिस खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन ने वर्ष 2012 में शीर्ष-50 खिलाड़ियों में जगह बनाने के साथ-साथ लंदन ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई करने का लक्ष्य बनाया है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्नई: