विज्ञापन
This Article is From Apr 14, 2016

सिंगापुर ओपन: सिंधु दूसरे दौर में, पुरुष एकल में भारतीय चुनौती खत्म

सिंगापुर ओपन: सिंधु दूसरे दौर में, पुरुष एकल में भारतीय चुनौती खत्म
पीवी सिंधु (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: भारतीय महिला शटलर पीवी सिंधु ने सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के मुख्य दौर के अपने पहले मैच में एक कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की। सिंधु ने थाइलैंड की बुसानन ऑन्गबुमरंगपान को 9-21, 21-17, 21-11 से हराया। पिछले तीन टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर होने वाली सिंधु ने यहां शुरुआत अच्छी नहीं की। पहले गेम में उन्हें 9-21 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन फिर शानदार वापसी करते हुए दूसरा गेम सिंधु ने 21-17 से अपने नाम किया और उसके बाद तीसरे गेम तक सिंधु अपनी लय पकड़ चुकी थी।

तीसरे गेम में आसान जीत
तीसरे गेम में उन्होंने 21-11 से आसान जीत दर्ज कर मैच अपने नाम किया और दूसरे दौर में जगह बना ली। पिछले हफ्ते शानदार खेल दिखा रही सिंधू मलेशिया ओपन के क्वार्टरफाइनल में हारकर बाहर हो गई थी। दूसरे दौर में सिंधु की टक्कर चीनी खिलाड़ी ही बिंगशियाओं से गुरुवार को होनी है। सिंधु ने जहां शानदार खेल दिखाया तो वहीं पुरुष एकल मुकाबले में भारत का खराब प्रदर्शन एक बार फिर जारी रहा।

किदाम्बी, प्रणॉय और अजय पहले दौर में बाहर
किदाम्बी श्रीकांत, एच.एस प्रणॉय, अजय जयराम पहले दौर में हारकर बाहर हो गए। स्विस ओपन चैंपियन एच.एस प्रणॉय ने विश्व नंबर 1 खिलाड़ी चेन लॉन्ग को कड़ी टक्कर दी, लेकिन 21-18,18-21, 21-19 से मुकाबला चेन लॉन्ग ने जीत लिया। विश्व नंबर 14 खिलाड़ी श्रीकांत विश्व नंबर 28 खिलाड़ी हसू जेन हाओ से 21-11, 18-21,18-21 से हारकर बाहर हो गए। अजय जयराम सीधे गेम्स में मार्क ज़्वीबलर से 17-21,16-21 से हारे।

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सिंगापुर ओपन, पीवी सिंधु, दूसरा दौर, Singapore Open, PV Sindhu, Second Round
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com