विज्ञापन
This Article is From Jun 21, 2013

सिंगापुर ओपन बैडमिंटन : सायना की चुनौती समाप्त

सिंगापुर ओपन बैडमिंटन : सायना की चुनौती समाप्त
लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीत चुकीं सायना को शुक्रवार को इंडोनेशिया की लिंदावेनी फानतेरी ने 17-21, 21-13, 21-13 से हराया। यह मैच 59 मिनट चला।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
सिंगापुर: भारत की सायना नेहवाल सिंगापुर ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में हार गई हैं।

लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीत चुकीं सायना को शुक्रवार को इंडोनेशिया की लिंदावेनी फानतेरी ने 17-21, 21-13, 21-13 से हराया। यह मैच 59 मिनट चला।

विश्व की दूसरी वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन स्टार सायना और विश्व की 13वीं वरीय खिलाड़ी फानतेरी के बीच यह दूसरी भिड़ंत थी। इससे पहले सायना ने इस साल के इंडोनेशिया ओपन में जीत हासिल की थी।

इस बार हालांकि फानतेरी कोर्ट पर सायना की तुलना में बेहतर एथलीट साबित हुई और उन्होंने अपने शानदार स्मैश और उम्दा ड्रॉप शॉट्स की मदद से लंदन में अपनी चमक दिखा चुकीं सायना को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।

सायना ने गुरुवार को खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में जापान की एरिको हिरोसे को 16-21 21-16 21-9 से हराकर अंतिम-8 दौर में जगह बनाई थी। उनकी हार के साथ इस टूर्नामेंट में भारत की चुनौती समाप्त हो चुकी है।

सेमीफाइनल में फानतेरी का सामना चीन की सातवीं वरीय शिजियान वांग और चीन की ही चौथी वरीय यिहान वांग के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सिंगापुर ओपन बैडमिंटन, Singapore Open Badminton, Saina Nehwal, सायना नेहवाल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com