विज्ञापन
This Article is From Feb 13, 2011

अब नहीं डरता सचिन के छक्कों से : शोएब

शोएब को 8 साल पहले सचिन के हाथों हुई अपनी गेंदों की धुनाई याद है, लेकिन उन्होंने कहा कि वह विश्वकप में सचिन से पिटने को लेकर चिंतित नहीं हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
ढाका: शोएब अख्तर को आठ साल पहले सेंचुरियन में सचिन तेंदुलकर के हाथों हुई अपनी गेंदों की धुनाई का मंजर अब भी याद है, लेकिन पाकिस्तान के इस तूफानी तेज गेंदबाज ने कहा कि वह विश्व कप में भारतीय मास्टर ब्लास्टर से पिटने को लेकर चिंतित नहीं हैं। शोएब ने कहा, हम सभी जानते हैं कि वह (तेंदुलकर) महान बल्लेबाज है। प्रत्येक गेंदबाज की धुनाई होती है। यहां तक कि ब्रेट ली पर भी लंबे शॉट लगाए जाते हैं, इसलिए मैं अब इस बात को लेकर चिंतित नहीं हूं कि तेंदुलकर मेरी गेंदों पर छक्के जड़ सकता है। मैंने उन्हें पहली गेंद पर भी आउट किया है। उन्होंने कहा, सचिन ही नहीं हम अन्य प्रमुख बल्लेबाजों को भी जल्दी आउट करने की कोशिश करेंगे, क्योंकि वे अकेले ही मैच जितवा सकते हैं। मैं उन्हें दबाव में रखने और जल्दी आउट करने की कोशिश करूंगा। तेंदुलकर ने 2003 के विश्व कप में सेंचुरियन में खेले गए मैच में शोएब के पहले ओवर में ही प्वाइंट के ऊपर से लाजवाब छक्का जड़ा था। इसके बाद उन्होंने अगली दो गेंद पर चौके जमाकर अख्तर को आक्रमण से हटवा दिया था। भारत और पाकिस्तान इस बार अलग-अलग ग्रुप में रखे गए हैं, लेकिन नॉकआउट चरण में उनका आमना-सामना हो सकता है। अख्तर ने इसके साथ ही कहा कि विश्व कप में मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर जैसे गेंदबाजों की अनुपस्थिति के बावजूद उनकी टीम के पास मैच जीतने के लिए पर्याप्त तेज आक्रमण है। उन्होंने कहा, यह हमारा दुर्भाग्य है कि वे यहां नहीं हैं। लेकिन हम कर भी क्या सकते हैं। हमें आगे बढ़ना होगा। मेरा मानना है कि हमारे पास जो भी तेज आक्रमण है, वह मैच जीतने के लिए पर्याप्त है। दुनिया के सबसे तूफानी गेंदबाजों में से एक अख्तर ने कहा, हमारे पास ऐसे गेंदबाज हैं, जो डेथ ओवरों में अच्छी गेंदबाजी कर सकते हैं और हम विरोधी टीमों को कम स्कोर पर रोक सकते हैं। अहम बात यह है कि मैच बढ़ने के साथ गेंद रिवर्स स्विंग लेगी और मुझे लगता है कि पाकिस्तान का इसमें कोई जवाब नहीं है। शोएब ने इसके साथ ही कहा कि वह 150 किमी से अधिक रफ्तार से गेंदबाजी करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, मैं अब भी 150 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी करता हूं। निश्चित तौर पर 26 साल और 36 साल का अंतर पड़ता है। मेरे पास जो भी क्षमता है, मैं उसका पूरा उपयोग करना चाहूंगा। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तानी क्रिकेट को फिर से ढर्रे पर लाना है, तो टीम को यह विश्व कप हर हाल में जीतना होगा। निश्चित तौर पर हमारे साथ जो कुछ हुआ उससे हम काफी आहत हैं। पाकिस्तान को किसी भी हालत में यह विश्व कप जीतना होगा  इससे पाकिस्तान में लोगों में क्रिकेट के प्रति उत्साह फिर से जाग जाएगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिकेट, शोएब अख्तर, सचिन तेंदुलकर
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com