भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग शुक्रवार को अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बेंगलुरु:
भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग शुक्रवार को अभ्यास सत्र के दौरान चोटिल हो गए। सहवाग की पसली में चोट लगी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) सचिव एन. श्रीनिवासन ने अपनी विज्ञप्ति में कहा है कि सहवाग को सुबह के अभ्यास सत्र के दौरान बाईं पसली में चोट लगी है। श्रीनिवासन के मुताबिक सहवाग को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है और उनके रविवार को इंग्लैंड के साथ खेले जाने वाले विश्व कप के दूसरे मुकाबले से पहले फिट होने की पूरी उम्मीद है। साथ ही साथ बीसीसीआई सचिव ने मीडिया से सहवाग या टीम के किसी अन्य खिलाड़ी के बारे में पूछताछ या फिर साक्षात्कार के लिए भारतीय टीम के सदस्यों से फोन या फिर एसएमएस पर सम्पर्क करने से मना किया है। श्रीनिवासन की दलील है कि खिलाड़ी अपना ध्यान पूरी तरह खेल पर लगाना चाहते हैं, लिहाजा मीडियाकर्मी फिलहाल उनसे सम्पर्क करने की कोशिश न करें। भारत विश्व कप के अंतर्गत अपना पहला मुकाबला बांग्लादेश के खिलाफ जीत चुका है। रविवार को उसे चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंग्लैंड से भिड़ना है, जिसने अपने पहले मैच में नीदरलैंड्स को हराया था।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
सहवाग, अभ्यास सत्र, चोटिल