विज्ञापन
This Article is From Oct 30, 2015

चैंपियन सानिया-हिंगिस की जोड़ी एक और जीत की ओर

चैंपियन सानिया-हिंगिस की जोड़ी एक और जीत की ओर
सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: सानिया मिर्ज़ा और मार्टिना हिंगिस की चैंपियन जोड़ी ने सिंगापुर के इंडोर स्टेडियम में खेले जा रहे डब्लूटीए फाइनल्स टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इससे पहले सानिया और हिंगिस की जोड़ी ने राउंड रोबिन के लगातार तीन मैच जीत लिए। राउंड रोबिन के आखिरी मैच में सानिया-हिंगिस की जोड़ी ने फ्रांस और हंगरी की टाइमिया बेबोस और क्रिस्टिना म्लादेनोविच को डेढ़ घंटे के समय में 6-4, 7-5 से हरा दिया।

हार्ड-कोर्ट पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में सानिया ने पिछले साल जिम्बाब्वे की कारा ब्लैक के साथ खेलते हुए खिताब जीता था। सानिया पहले भी कहती रही हैं कि उनके लिए यह साल शानदार रहा है। उन्होंने इस साल अपनी जीत का सफर सिडनी में अमेरिकी की बेथनी मैटेक सैंड्स के साथ शुरू किया, फिर मार्च में पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 स्विस स्टार मार्टिना हिंगिस के साथ जोड़ी बनाकर इंडियाना वेल्स में हार्ड कोर्ट पर जीत हासिल की। इसके बाद उन्हें पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं पड़ी। मार्टिना हिंगिस के साथ सानिया इस साल विंबलडन और यूएस ओपन सहित आठ खिताब जीत चुकी हैं।

दरअसल यूएस ओपन के बाद सानिया-हिंगिस की जीत का सिलसिला लगातार जारी है। लगातार चार टूर्नामेंट जीत चुकी यह जोड़ी अब साल के आखिर में  WTAफ़ाइनल्स का खिताब जीतकर लगातार पांचवां खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंच गई है।

सानिया और हिंगिस की टॉप सीड जोड़ी ने इस टूर्नामेंट में अब तक कोई सेट नहीं गंवाया है। अगले मैच में इस जोड़ी की टक्कर तीसरी रैंकिंग वाली चाइनीज़ ताइपेई की चैन बहनों यानी चैन हाओ चिंग और चैन युंग जैन की जोड़ी से होगा। इस टूर्नामेंट को जीतकर सानिया का रुतबा टेनिस जगत में और बढ़ जाएगा और सानिया-हिंगिस का खौफ़ और बढ़ जाएगा क्योंकि WTA फाइनल्स को चार ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के बाद सबसे अहम टूर्नामेंट माना जाता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सानिया मिर्जा, मार्टिना हिंगिस, डब्लूटीए फाइनल्स टूर्नामेंट, सिंगापुर, सेमीफाइनल, Sania Mirza, Martina Hingis, WTA Finals, Singapore, Semi Final
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com