नरिंदर बत्रा ने कहा कि वे संदीप सिंह और सरदारा सिंह पर अचानक राष्ट्रीय शिविर छोड़ने के लिए कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की योजना बना रहे हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
New Delhi:
हॉकी इंडिया के महासचिव नरिंदर बत्रा ने कहा कि वे संदीप सिंह और सरदारा सिंह पर अचानक राष्ट्रीय शिविर छोड़ने के लिए कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की योजना बना रहे हैं। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम में चुने गए इन दोनों विवादास्पद खिलाड़ियों ने मंगलवार को अचानक ही बेंगलुरु में चल रहे शिविर छोड़ने का फैसला करके कोच माइकल नोब्स और उनके सहयोगी स्टाफ को सकते में डाल दिया। रिपोर्टों के अनुसार इन दोनों ने टीम प्रबंधन के साथ बहस के बाद यह फैसला किया। बत्रा ने कहा, हम इस मसले को हल्के से नहीं लेंगे। यह गंभीर अनुशासनात्मक मसला है, क्योंकि तीसरी बार उन्होंने ऐसी गलती की है। मैं इस मसले पर 26 या 27 अगस्त को अनुशासन समिति की बैठक बुलाऊंगा। अनुशासन समिति के अध्यक्ष परगट सिंह, हॉकी इंडिया के खिलाड़ियों के प्रतिनिधि रजनीश मिश्रा और मुकेश कुमार, कोच नोब्स और हॉकी इंडिया चयनसमिति में दो सरकारी पर्यवेक्षक हरविंदर सिंह और दिलीप टिर्की भी बैठक में उपस्थित रहेंगे। बत्रा ने कहा, हम इस मसले पर व्यापक विचार करेंगे और मैं इन दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला बाकी लोगों पर छोड़ दूंगा। उन्होंने मंगलवार को जो कुछ हुआ, उसके लिए भारतीय हॉकी महासंघ (आईएचएफ) को दोषी ठहराया। बत्रा ने कहा, ऐसी रिपोर्टें हैं कि आईएचएफ पर्दे के पीछे से यह खेल खेल रहा है। यदि ऐसी चीजें होती रहे, तो हम ओलिंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएंगे और आईएचएफ यही चाहता है। ये दोनों उन पांच खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्होंने पिछले महीने मुंबई में विश्व हॉकी सीरीज के शुरुआत में हिस्सा लेने के लिए बिना किसी अनुमति के शिविर छोड़ दिया था। अन्य तीन खिलाड़ी एड्रियन डिसूजा, प्रभजोत सिंह और अजरुन हलप्पा हैं। लेकिन संदीप और सरदारा को चैंपियंस ट्रॉफी में शामिल किया गया। इन दोनों ने वादा किया था कि वे किसी भी प्राथमिकता से आगे भारत को रखेंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
हॉकी इंडिया, संदीप सिंह, सरदारा सिंह