विज्ञापन
This Article is From Jul 28, 2016

नरसिंह यादव पर डोपिंग एजेंसी 'नाडा' का फैसला अब शनिवार या सोमवार को आएगा, 10 खास बातें...

नरसिंह यादव पर डोपिंग एजेंसी 'नाडा' का फैसला अब शनिवार या सोमवार को आएगा, 10 खास बातें...
नरसिंह यादव (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: पहलवान नरसिंह यादव के डोपिंग मामले में नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) का फैसला अब शनिवार या सोमवार को आएगा। गुरुवार को मामले में सुनवाई पूरी हो गई, लेकिन नाडा ने फैसला नहीं सुनाया। गौरतलब है कि रियो ओलिंपिक शुरू होने में जहां कुछ ही दिन बाकी हैं, ऐसे में भारत को डोपिंग के दो बड़े मामलों से जूझना पड़ रहा है। पहला मामला पहलवान नरसिंह यादव से जुड़ा है, तो दूसरा शॉट-पटर इंदरजीत सिंह से संबंधित है।

नाडा में बुधवार से जारी सुनवाई में नरसिंह के वकीलों ने बुधवार को पहलवान के डोप टेस्ट में फेल होने को लेकर अपनी दलील देते हुए कहा था कि उनके खिलाफ साजिश की गई है, इसलिए नरसिंह पर बैन गलत है। गुरुवार को नाडा की लीगल टीम ने अनुशासन समिति के सामने नरसिंह के वकीलों के साजिश और मिलावट (प्रतिबंधित दवा) की थ्योरी के तर्कों का जवाब दिया।

नाडा के वकील गौरांग कांत ने गुरुवार की सुनवाई के बाद कहा, "आज सुनवाई पूरी हो गई। फैसला शनिवार या सोमवार को आएगा।'

सबूत नहीं दे पाए नरसिंह
उन्होंने आगे कहा, "नाडा की दलील यह थी कि जिस तरह की छूट वह (नरसिंह यादव) चाह रहे हैं, उसके लिए वह योग्य नहीं हैं। नरसिंह ने प्रासंगिक परिस्थितिजन्य सबूत नहीं दिए, जिनसे यह साबित होता कि उनके साथ कुछ गलत या साजिश की गई है, जैसा कि उन्होंने दावा किया था।'

कांत ने कहा, "उन्होंने शपथपत्र दिया कि उनके ड्रिंक या पानी में मिलावट (प्रतिबंधित दवा) की गई है, लेकिन वह ऐसा कोई सबूत नहीं दे पाए, जिससे नाडा या वाडा उनके तर्क से सहमत हो जाते'

बुधवार को सूत्रों के हवाले से खबर मिली थी कि यादव 5 जुलाई को हुए दूसरे डोप टेस्ट में भी फेल हो गए। अब उनके ओलिंपिक में भाग लेने की संभावनाएं बिल्कुल न के बराबर हो गई हैं, वहीं इंदरजीत सिंह दूसरे टेस्ट में पास हो गए हैं, लेकिन अब भी उनकी ओलिंपिक में भाग लेने को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं है।

मुख्य ध्यान नरसिंह यादव के मामले पर है क्योंकि उसमें उन्होंने साजिश की आशंका जताई है। हालांकि सूत्रों के अनुसार नरसिंह का यह दावा गलत निकला है कि उनके फूड सप्लीमेंट में प्रतिबंधित दवा मिलाई गई थी। हालांकि खाने में दवा मिलाए जाने के दावे पर अभी कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है, वहीं एनडीटीवी इंडिया से खास बातचीत में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह ने कहा कि सोनीपत कैंप में नरसिंह यादव के खाने में दवाई मिलाने वाले आरोपी की पहचान हो गई है। पुलिस के अनुसार मामले की छानबीन के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।

नरसिंह यादव के डोप टेस्ट विवाद से जुड़ी 10 खास बातें इस प्रकार हैं-
  • नरसिंह मामले की नाडा में बुधवार को भी सुनवाई हुई थी, जो गुरुवार को भी जारी रही। हालांकि एजेंसी गुरुवार को भी किसी फैसले पर नहीं पहुंच सकी और अब इस पर शनिवार या सोमवार को फैसला सुनाएगी।
  • नरसिंह पंचम यादव ने 2015 में वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इसी जीत के साथ उन्होंने रियो में होने वाले ओलिंपिक खेलों के लिए 74 किग्रा वर्ग में क्वालिफाई कर लिया था। वह सोनीपत स्थित साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) केंद्र में ट्रेनिंग ले रहे थे।
  • नाडा खेल मंत्रालय के तहत काम करने वाली ऑटोनॉमस संस्था है, जिसकी स्थापना 2009 में की गई थी। इसका उद्देश्य देश में खेलों को डोपमुक्त बनाना है। नाडा पूरी तरह से वर्ल्ड एंटी डोपिंग एजेंसी (वाडा) की संहिता का पालन करती है।
  • यादव 5 जुलाई को नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) की ओर से किए गए दूसरे डोप टेस्ट में भी फेल हो गए हैं। गौरतलब है कि वह इससे पहले 25 जून को किए गए डोप टेस्ट में भी फेल हो गए थे, जिसके बाद इसे लेकर विवाद हो गया।
  • सूत्रों के अनुसार नरसिंह के फूड सप्लीमेंट में प्रतिबंधित दवा की मिलावट नहीं पाई गई है, जिससे उनका यह दावा गलत निकला है। हालांकि खाने में मिलावट की बात पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।
  • सोनीपत के डीआईजी एचएस दून ने कहा है कि नरसिंह की शिकायत अब भी महज एक आरोप है। उन्होंने कहा, 'हमने अब तक किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया है। आरोपी के खिलाफ केवल केस दर्ज हुआ है। हम कोई भी कार्रवाई करने से पहले इस मामले की छानबीन करेंगे।'
  • एनडीटीवी इंडिया से खास बातचीत में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह ने कहा कि नरसिंह यादव के खाने में दवा मिलाने की बात सच है। उन्होंने कहा कि सोनीपत कैंप में नरसिंह यादव के खाने में दवाई मिलाई गई। मिलाने वाले आरोपी की पहचान कर ली गई है।
  • नरसिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके खाने में प्रतिबंधित दवा मिलाने वाले युवा पहलवान का घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज इसलिए उपलब्ध नहीं है क्योंकि इसमें SAI एडमिनिस्ट्रेटर की भूमिका है। कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने कहा, 'हालांकि इस बारे में नरसिंह ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है, लेकिन मीडिया के जरिये संबंधित अधिकारी पर संदेह होने की बात कही है।  वह अधिकारी अभी भी संस्थान में है। मेरा मानना है कि यह उचित नहीं है। मंत्रालय का काम अधिकारियों को बचाना नहीं है।'
  • हरियाणा के खेलमंत्री अनिल विज ने दावा किया है कि SAI केंद्र की गतिविधियों पर राज्य सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है, फिर भी राज्य पुलिस से नरसिंह यादव से जुड़े डोपिंग विवाद की छानबीन करने के लिए कहा गया है।
  • केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने साफ कर दिया है कि निलंबित खिलाड़ी के स्थान पर नए खिलाड़ी को नहीं भेजा जा सकता है। भारतीय कुश्ती फेडरेशन ने नरसिंह के स्थान पर प्रवीण राणा को भेजने की बात कही थी। भारतीय कुश्ती संघ के मुताबिक जिस आरोपी की पहचान की गई है, वह एक सीनियर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का भाई है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी छत्रसाल अखाड़े में प्रैक्टिस करता है। साई सेंटर के रसोइये ने भी इस आरोपी की पहचान की है।
  • हालांकि भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह ने पहलवान सुशील कुमार के मुद्दे पर कुछ भी नहीं कहा। कुश्ती संघ के मुताबिक, पहचाने गए लड़के ने नरसिंह के खाने में दवाई मिलाने की बात भी मानी है। नरसिंह पहले दिन से ही कहते आ रहे हैं कि उन्हें किसी साज़िश के तहत फंसाया गया है।
  • सिंह ने नरसिंह की तारीफ करते हुए कहा था कि 50 से ज्यादा कुश्ती लड़ चुके नरसिंह ने कभी भी डोप टेस्ट देने से मना नहीं किया। कई खिलाड़ी यह टेस्ट देने से मना करते हैं। उन्होंने कहा कि नरसिंह की इस बात की सभी जगह तारीफ होती है और यहां तक की खुद नाडा भी नरसिंह की इस बात के लिए तारीफ कर चुका है। फेडरेशन का आरोप है कि 5 जून को खाने में छौंक लगाते समय प्रतिबंधित दवा डाली गई।
  • नरसिंह यादव ने इस मामले में सीबीआई जांच की भी मांग की है। कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नरसिंह यादव, डोप टेस्ट, नाडा, नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी, सुशील कुमार, कुश्ती, रियो ओलिंपिक, ओलिंपिक 2016, रियो 2016, Narsingh Yadav, Dope Test, NADA, National Doping Agency, Sushil Kumar, Wrestling
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com