फुटबॉल वर्ल्ड कप के ग्रुप मुकाबले में भारतीय समय के मुताबिक रविवार देर रात साढ़े तीन बजे पुर्तगाल और अमेरिका आपस में भिड़ेंगे। वैसे कागजों पर अमेरिका के मुकाबले यूरोपीय टीम का पलड़ा ही भारी दिखता है, लेकिन मैदान पर कई चीजें बदल गई हैं। जर्मनी के खिलाफ मैच में रोनाल्डो का जादू नहीं चला, दूसरी तरफ अमेरिका के जर्मन कोच यर्गन क्लिन्समैच अपनी टीम को बड़ी जीत हासिल करने का सपना दिखा चुके हैं और पुर्तगाल का टेस्ट लेने के लिए एक और जर्मन जाल बुन चुके हैं।
वर्ल्ड कप के ग्रुप के पहले मैच में हार से पुतर्गाल के फैंस को खासी चौट पहुंची और दूसरे मैच से पहले क्रिस्टियानो रोनाल्डो चोटिल हो गए हैं। दुनिया में चौथी रैंकिंग वाली पुर्तगाल की टीम की रणनीति अक्सर रोनाल्डो के इर्द−गिर्द ही घूमती है। हालांकि यह जर्मनी के खिलाफ कारगर साबित नहीं हो सकी।
यहां पुर्तगाल टीम के कोच पाउलो बेन्तो ने अपनी टीम के लिए प्लान B पर भी काम जरूर किया होगा। लेकिन क्लिन्समैन एक उम्दा कोच के साथ जबरदस्त खिलाड़ी भी रहे हैं, जो पुतर्गाल की कमजोरी का फायदा उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। क्लिन्समैन ने अमेरिकी टीम की ताकत बढ़ा कर उन्हें एक नया मुकाम हासिल करवाया है, अब अमेरिकी टीम अपना रुतबा बढ़ाना चाहती है।
पिछले साल फीफा के बेहतरीन फुटबॉलर का खिताब जीतने वाले रोनाल्डो ने अपनी टीम को 2004 यूरोपीयन चैंपियनशिप के फाइनल और 2006 के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम रोल अदा किया था, जिससे इस वर्ल्ड कप में उनसे उम्मीदें और बढ़ गई हैं। पुर्तगाली टीम दावा कर रही है कि रोनाल्डो 100 फीसदी फिट हैं और अमेरिकी टीम उनकी कड़ी परीक्षा लेने वाली है।
रोनाल्डो के अलावा भी पुर्तगाल के कोच पाउलो बेन्तो की कई मुश्किलें हैं। डिफेंडर फैबियो कोएंत्राओ चोट की वजह से, तो वहीं पेपे जर्मन खिलाड़ी थॉमस म्यूलर को हेड बट कर रेड कार्ड मिलने की वजह से अगले मुकाबले से बाहर हो चुके हैं। स्ट्राइकर ह्यूगो अल्मीडा जर्मर्नी के खिलाफ चोटिल
होकर बाहर निकले।
वहीं अमेरिकी टीम की बात करें तो ग्रुप जी के अपने पहले मैच में घाना से जीत के बावजूद अमेरिकी रक्षापंक्ति को लेकर सवाल बरकरार हैं। ऐसे में पुर्तगाली टीम के आगे उन्हें कड़ा इम्तिहान देना होगा। अमेरिकी टीम ने घाना को हराकर वर्ल्ड कप में अपनी हार का बदला ले लिया है, लेकिन उसका मिशन अभी बाकी है। चोट की समस्या अमेरिकी कैंप में भी है। अमेरिकी स्ट्राइकर जोज़ी एल्टिडोर हैमस्ट्रिंग की वजह से बाहर हैं।
हालांकि दोनों टीमों के बीच हुए पिछले पांच मुकाबलों पर गौर करें तो दोनों ही टीमों ने 2−2 मैच जीते हैं। दोनों ने एक−दूसरे के खिलाफ पांच−पांच गोल ही किए हैं, इसलिए अमेरिकी टीम पुर्तगाल को हराकर उलटफेर करती है तो जानकार बहुत ज्यादा हैरान नहीं होंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं