विज्ञापन
This Article is From Feb 22, 2011

विकेट बचाए रखने की रणनीति अपनाएंगे : पोंटिंग

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा कि बीच के ओवरों में विकेट बचाना और स्पिनरों को बखूबी खेलना विश्व कप के बाकी मैचों में उनकी रणनीति होगी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
अहमदाबाद: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने विकेट बचाए रहने की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि बीच के ओवरों में विकेट बचाना और स्पिनरों को बखूबी खेलना विश्व कप के बाकी मैचों में उनकी रणनीति होगी। पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया की जिम्बाब्वे पर 91 रन से जीत के बाद कहा, विकेट बचाए रखना इस टूर्नामेंट के लिए हमारी रणनीति है। आज भी हमने यही कोशिश की और विकेट बचाए रखकर बड़ा स्कोर बनाने का प्रयास किया। हमें पता था कि यदि हमारे गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो यह स्कोर अच्छा है। मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम के विकेट की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के धीमे विकेट पर रन बनाना आसान नहीं था। पोंटिंग ने कहा, विकेट बहुत धीमा था और इसे समझना आसान नहीं था। इससे तेज गेंदबाजों को तेजी या उछाल नहीं मिल रहा था और यह स्पिनरों के अनुकूल था, जिस पर बल्लेबाजी करना मुश्किल हो रहा था। ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट पर 262 रन बनाए, जिसके जवाब में जिम्बाब्वे 171 रन पर आउट हो गया। पोंटिंग ने अपने गेंदबाजों के प्रदर्शन पर संतोष जताया। उन्होंने कहा, गेंदबाजों ने सही लाइन और लेंग्थ से गेंदबाजी की। मिशेल (जानसन) ने उनके बल्लेबाजों को शुरू से ही परेशानी में रखा, जबकि स्पिनरों ने बीच के ओवरों में अच्छी भूमिका निभाई। हमारे लिए यह अच्छी शुरुआत है। उन्होंने इसके साथ ही जिम्बाब्वे की भी तारीफ करते हुए कहा, जिम्बाब्वे ने वास्तव में अच्छी गेंदबाजी और बेहतर क्षेत्रक्षण किया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
क्रिकेट, पोंटिंग, ऑस्ट्रेलिया, रणनीति
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com