विज्ञापन
This Article is From Feb 15, 2013

पिस्टोरियस मामले की सुनवाई की तारीख बढ़ी

पिस्टोरियस मामले की सुनवाई की तारीख बढ़ी
प्रीटोरिया के मजिस्ट्रेट ने शुक्रवार को अपनी प्रेमिका के हत्यारोपी 'ब्लेड रनर' नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के विख्यात ओलिंपिक एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए 19 फरवरी की तारीख तय की है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
प्रिटोरिया (दक्षिण अफ्रीका): प्रीटोरिया के मजिस्ट्रेट ने शुक्रवार को अपनी प्रेमिका के हत्यारोपी 'ब्लेड रनर' नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के विख्यात ओलिंपिक एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए 19 फरवरी की तारीख तय की है। तब तक के लिए पिस्टोरियस को पुलिस रिमांड में रखा जाएगा।

पिस्टोरियस ने कथित तौर पर गुरुवार को अपनी प्रेमिका रीवा स्टीनकैम्प की हत्या कर दी थी। पिस्टोरियस ने अपनी सफाई में पुलिस से कहा था कि उन्होंने रीवा को चोर समझकर गोली चलाई थी।

पहली बार अदालत में पेश होते ही पिस्टोरियस रोने लगे। मजिस्ट्रेट डेसमंड नाएर ने उनका स्वागत किया और उन्हें शांत होने के लिए कहा। पिस्टोरियस के पिता हेंके और बहन अमी अदालत कक्ष में अग्रिम पंक्ति में बैठे थे।

पिस्टोरियस की पेशी के दौरान अदालत के बाहर बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद थे। पिस्टोरियस खचाखच भरे अदालत कक्ष में जब पहुंचे तो वह पुलिसकर्मियों से घिरे हुए थे। मीडियाकर्मियों को बताया गया कि इस सुनवाई का सीधा प्रसारण नहीं हो सकता।

एक पुलिसकर्मी ने किताब की मदद से पिस्टोरियस का चेहरा ढक रखा था। इस कारण उनका चेहरा नहीं दिख रहा था।

26 साल के विकलांग धावक पिस्टोरियस सम्भवत: जमानत के लिए अर्जी देंगे लेकिन पुलिस ने कहा है कि वह उनकी इस अर्जी का विरोध करेगी।

दोनों पैरों से विकलांग पिस्टोरियस ने वेलेंटाइंस डे की सुबह अपनी प्रेमिका पर गोली चलाई थी। गोली चलने की आवाज सुनकर पिस्टोरियस के पड़ोसियों ने पुलिस को बुलाया और जब पैरामेडिक्स टीम घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि रीवा मृत पड़ी हैं।

पुलिस ने बाद में कहा कि 30 साल की रीवा का शव प्रीटोरिया के एक लक्जरी हाउसिंग एस्टेट में मिला। उसके शरीर और हाथ पर जख्म के निशान हैं।

पुलिस ने घटनास्थल से एक नौ एमएम की पिस्टल बरामद की। पुलिस ने हालांकि घटना के कारणों के बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। उसका कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ऑस्कर पिस्टोरियस, दक्षिण अफ्रीकी एथलीट, पैरालिंपिक स्वर्ण विजेता, ब्लेड रनर, Oscar Pistorius, South Africa, Paralympic Gold Medallist
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com