अफरीदी ने 19 फरवरी से शुरू हो रहे आईसीसी विश्व कप-2011 के दौरान 'एक अतिरिक्त स्पिनर' के साथ खेलने के संकेत दिए हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
Dhaka:
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान शाहिद अफरीदी ने 19 फरवरी से शुरू हो रहे आईसीसी विश्व कप-2011 के दौरान 'एक अतिरिक्त स्पिनर' के साथ खेलने के संकेत दिए हैं। अफरीदी ने कहा कि पाकिस्तान के पास कई अच्छे स्पिनर हैं और इस कारण उनका टीम प्रबंधन उपमहाद्वीप की स्पिन लेने वाली पिचों पर सारे संसाधनों को उपयोग करने के बारे में सोच रहा है। अफरीदी ने कहा, "न्यूजीलैंड में हम जिस हालात में खेले थे, उससे उपमहाद्वीप के हालात बिल्कुल अलग हैं।" पाकिस्तानी टीम को 23 फरवरी को हम्बानटोटो में श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला ग्रुप मैच खेलना है लेकिन उससे पहले उसे दो अभ्यास मैच भी खेलने हैं। अफरीदी ने कहा, "अभ्यास मैचों में हम अपने स्पिनरों को मौका देकर उनकी धार नापने का प्रयास करेंगे।" विश्व कप के लिए पाक टीम में दो विशेषज्ञ स्पिनरों को जगह दी गई है। सईद अजमल और अब्दुर रहमान के अलावा मोहम्मद हफीज भी स्पिन आक्रमण में वृद्धि कर सकते हैं। अफरीदी ने उन खबरों का भी खंडन किया, जिनमें कहा जा रहा है कि विश्व कप में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकेंगे। अफरीदी ने कहा, "हमारे लिए चिंता की कोई बात नहीं है। हमारे तेज गेंदबाजों में बड़े मुकाबलों में चमकने की क्षमता है। हमारी टीम अच्छी शक्ल ले रही है और विश्व कप को लेकर हमारा मनोबल काफी ऊंचा है।" पाकिस्तानी टीम के लिए अच्छी बात यह है कि स्पॉट फिक्सिंग की सुनवाई के बीच उसने न्यूजीलैंड को एकदिवसीय श्रृंखला में हराकर अपने लिए जरूरी आत्मविश्वास बटोरा है। आईसीसी ने इस महीने की शुरुआत में हुई सुनवाई में पाक टीम के चार खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। इनमें दो शीर्ष तेज गंदबाज-मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमेर- भी शामिल हैं। इन दोनों पर क्रमश: सात और पांच वर्ष का प्रतिबंध लगा है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
अफरीदी, संकेत, क्रिकेट, स्पिनर