विज्ञापन
This Article is From Feb 26, 2011

34वां राष्ट्रीय खेल सम्पन्न, केरल में मिलेंगे

केरल में अगले वर्ष मिलने के वादे के साथ 34वें राष्ट्रीय खेल सम्पन्न हो गए। रांची में 12 फरवरी से जारी इन खेलों का विधिवत समापन हुआ।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रांची: केरल में अगले वर्ष मिलने के वादे के साथ 34वें राष्ट्रीय खेल सम्पन्न हो गए। झारखण्ड की राजधानी रांची में शनिवार को 12 फरवरी से जारी इन खेलों का विधिवत समापन हुआ। शानदार उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुए इन खेलों में सेना ने 13 दिनों के उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार 70 स्वर्ण पदकों के साथ तालिका में पहला स्थान हासिल किया। मणिपुर ने इस तालिका में दूसरा स्थान हासिल किया जबकि हरियाणा ने महिला हॉकी का स्वर्ण अपने नाम करते हुए 42 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र 41 स्वर्ण पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा। दिल्ली की तैराक ऋचा मिश्रा और कर्नाटक के वीरधवल खड़े को क्रमश: महिला एवं पुरुष वर्ग का सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया। ऋचा ने 11 और एशियाई खेलों में कांस्य जीत चुके खड़े ने आठ स्वर्ण पदक अपने नाम किए। सेना ने निशानेबाजी के 12, कैनोइंग-क्याकिंग के 13, रोइंग के 8, एथलेटिक्स के सात और साइकिलिंग के पांच स्वर्ण पदकों के साथ कुल 70 स्वर्ण जीते। इसके अलावा उसके खाते में 50 रजत और 42 कांस्य भी आए। मणिपुर ने कुल 48 स्वर्ण, 37 रजत और 33 कांस्य के साथ कुल 118 पदक अपने नाम किए। सेना के नाम सर्वाधिक 162 पदक हैं। महाराष्ट्र ने 41 स्वर्ण के अलावा 44 रजत और 47 कांस्य भी जीते हैं। हरियाणा को 42 स्वर्ण के अलावा 33 रजत और 40 कांस्य मिले। दिल्ली ने 32 स्वर्ण के साथ छठा स्थान हासिल किया। इसमें ऋचा के 11 और वुशू में जीते गए 10 स्वर्ण शामिल हैं। मेजबान झारखण्ड ने अंतिम दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने कुल पदकों की संख्या 96 कर ली है। इसमें 33 स्वर्ण, 26 रजत और 37 कांस्य शामिल हैं। शनिवार शाम को हुए समापन समारोह के दौरान सैकड़ों कलाकारों ने झारखण्ड की संस्कृति की झांकी पेश की। इसके अलावा बॉलीवुड की चर्चित हस्तियां भी समापन समारोह में नजर आईं। कार्यक्रम का संचालन टीवी कलाकार रक्षंदा खान ने किया। 35वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन केरल में होना है। केरल ने रांची में 30 स्वर्ण पदक जीतकर अपनी ताकत दिखाई है। समापन समारोह के दौरान उसके 100 कलाकारों ने प्रदेश की झांकी पेश की। इसमें केरल का पारंपरिक मार्शल आर्ट कल्लारीपायाट्टू खास आकर्षण था। इसके अलावा केरल के लोक कलाकारों ने भी इसमें हिस्सा लिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
राष्ट्रीय खेल, केरल
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com