विज्ञापन
This Article is From Nov 02, 2015

मां के अनुशासन के कारण ही खेल में शोहरत के शिखर तक पहुंचीं सानिया और हिंगिस

मां के अनुशासन के कारण ही खेल में शोहरत के शिखर तक पहुंचीं सानिया और हिंगिस
नई दिल्‍ली: भारत की सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस की जोड़ी के लिए यह साल सफलताओं से भरपूर रहा हैं। डब्‍ल्‍यूटीए फाइल्‍स के रूप में इन दोनों ने साल का 9वां महिला डबल्‍स खिताब अपने नाम किया था।

स्‍वभाव और मिजाज के लिहाज से अलग होने के बावजूद इन दोनों में एक बात कॉमन है, वह यह कि खिलाड़ी के तौर पर तैयार करने में इन दोनों की ही मां का जबर्दस्‍त योगदान रहा है। बचपन से ही मां के पढ़ाए अनुशासन के पाठ के कारण ये दोनों खेलों में इतना नाम हासिल कर पाईं। मीडिया में इन दिनों सानिया और हिंगिस को ब्रेड पिट और एजेंलीना जोली के 'ब्रेजेलीना' की तर्ज पर 'सेंटीना' नाम दिया गया है।  

जहां सानिया ने मां नसीमा और पिता इमरान मिर्जा के मागदर्शन में खेल की बारीकियां सीखीं, वहीं हिंगिस को खिलाड़ी के रूप में विकसित करने में उनकी मां मेलेनी मॉलिटर का काफी हाथ रहा। मिर्जा दंपति अपनी बेटी को शुरुआत से ही जर्मनी की मशहूर टेनिस खिलाड़ी स्‍टेफी ग्राफ जैसा बनाना चाहते थे। दूसरी ओर, हिंगिस की मां को खिलाड़ी के रूप में मार्टिना नवरातिलोवा पसंद थी और वे अपनी बेटी को इस सर्वकालीन महान खिलाड़ी की तरह खेलते हुए देखना चाहती थीं। हिंगिस का नामकरण भी मार्टिना नवरातिलोवा पर ही किया गया था।

करियर में अपनी मां के योगदान को मार्टिना खुले दिल से स्‍वीकार करती हैं। वे बताती हैं कि मां मेरे लिए प्रेरणा रही हैं। उनसे मुझे काफी कुछ सीखने को मिला है। कोच और मेंटर के रूप में मुझे उनके बहुत कुछ सीखने को मिला है। हिंगिस ने संन्‍यास के बाद जब सक्रिय टेनिस में वापसी की तब भी मां मेलेनी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं।

फैशनेबल सानिया
अपने जोरदार खेल के अलावा सानिया अपने फैशन सेंस के लिए भी जानी जाती हैं। भारतीय खेल जगत में ग्‍लैमरस सानिया को काफी पसंद किया जाता रहा है। महिला टेनिस में शीर्ष 30 इंटरनेशन प्‍लेयर्स में जगह बनाने वाली वे देश की पहली खिलाड़ी रहीं। हालांकि महिला सिंगल्‍स मुकाबलों में शानदार शुरुआत करने वालीं सानिया कलाई की चोट के चलते सिंगल्‍स में कामयाबी का सिलसिला लंबे समय तक जारी नहीं रख पाईं और उन्‍हें डबल्‍स पर ध्‍यान केंद्रित करना पड़ा।
करियर की शुरुआत में वे अपने नोज रिंग (नथ) के कारण चर्चाओं की केंद्र रहीं। सेलेब्रिटीज के साथ रैंप वाक करती हुई भी वे अकसर दिखाई देती हैं।  सानिया मिर्जा और मैरी कोम ने हाल ही में कुछ फैशन डिजाइनरों के लिये रैंप पर वॉक की। शोहरत और करियर ग्राफ बढ़ने के साथ ही सानिया के फैशन और स्‍टाइल में बदलाव आया। पाकिस्‍तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह करने वाली सानिया भारत और पाकिस्‍तान, दोनों स्‍थानों में समान रूप से लोकप्रिय हैं। सानिया ने शादी भले ही पाकिस्‍तान में की है, लेकिन टेनिस मुकाबलों में वे भारत का ही प्रतिनिधित्‍व करती हैं।

तब डोप टेस्‍ट में नाकाम रहीं थी हिंगिस
35 साल की स्विस सुंदरी मार्टिना हिंगिस लंबे समय तक दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी रह चुकी हैं। उनका करियर कुछ मौकों पर विवादों में भी रहा। टेनिस से उन्‍होंने दो बार संन्‍यास लेने की घोषणा की और बाद में खेल में वापसी की। वर्ष 2007 में उनका डोप टेस्ट पॉजिटिव पाया गया था। उनकी मां मेलेनी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। अपनी डबल्‍स पार्टनर सानिया के बारे में हिंगिस ने कहा,  'सानिया कमाल की शख़्सियत हैं। खासकर तब जब आप अच्छा महसूस नहीं कर रही हों। हिंगिस की कई भाषाएं बोलने में महारत है। वे स्विस, जर्मन, फ्रेंच और अंग्रेजी धाराप्रवाह बोलती हैं। स्‍वीडिश टेनिस खिलाड़ी मैगनस नॉर्मन, स्‍वीडिश गोल्‍फर सर्जियो गर्सिया, चेक टेनिस खिलाड़ी रादेक स्‍टेपानेक के साथ उनका अफेयर एक समय मीडिया की सुर्खियों में रहा था। वर्ष 2010 में उनका विवाह फ्रांस के घुड़सवार थिबॉल्‍ट हुटिन से हुआ था लेकिन यह शादी ज्‍यादा नहीं चली और 2013 में दोनों का तलाक हो गया।

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डब्‍ल्‍यूटीए फाइनल, सानिया मिर्जा, मार्टिना हिंगिस, मार्टिना नवरातिलोवा, नसीमा मिर्जा, मेलेनी हिंगिस, WTA Finals, Sania Mirza, Martina Hingis, Martina Navratilova, Naseema Mirza
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com