भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस यूएस ओपन के अंतिम 16 में पहुंचने के बावजूद एटीपी की ताजा विश्व रैंकिंग में 23 पायदान नीचे 35वें स्थान पर खिसक गए हैं, जो पिछले 11 साल में उनकी सबसे कम रैंकिंग हैं। इससे पहले पेस 13 जनवरी 2003 को युगल रैंकिंग में 38वें स्थान पर खिसक गए थे, लेकिन फिर उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। उसके बाद यह पहला अवसर है जबकि यह भारतीय खिलाड़ी युगल रैंकिंग में शीर्ष 30 से बाहर हुआ है।
पेस बीच में सितंबर 2004 में 30वें स्थान पर लुढ़क गए थे। यही नहीं यह अगस्त-सितंबर 2000 के बाद पहला अवसर है जबकि पेस 23 या इससे अधिक पायदान नीचे लुढ़के हैं। वह 2000 में एक समय 59 पायदान नीचे खिसककर शीर्ष 100 से बाहर हो गए थे। इसके बाद सितंबर 2002 में भी 11 पायदान नीचे खिसके थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से वह अधिकतर समय शीर्ष 10 में जगह बनाने में कामयाब रहे थे।
पेस पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, जिसका असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा है। वह इस साल अभी तक कोई खिताब नहीं जीत पाए हैं। पेस और चेक गणराज्य के उनके जोड़ीदार रादेक स्टेपनेक यूएस ओपन के अंतिम 16 में पहुंचे थे जहां उन्हें मार्सेल ग्रेनोलर्स और मार्क लोपेज की स्पेनिश जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा था। पेस ही नहीं उनके जोड़ीदार स्टेपनेक भी 20 पायदान नीचे 31वें स्थान पर खिसक गए हैं, जिससे उनकी जोड़ी युगल टीम रेस टू लंदन की दौड़ में 17वें स्थान पर खिसक गई है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं