विज्ञापन
This Article is From May 12, 2011

जीता चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली बाहर

जीत के लिए 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम छह विकेट पर 158 रन ही बना सकी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
चेन्नई: कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और शानदार फार्म में चल रहे एस बद्रीनाथ के अर्धशतकों की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स ने बृहस्पतिवार को वीरेंद्र सहवाग के बिना खेल रही दिल्ली डेयरडेविल्स को 18 रन से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 176 रन बनाए। जवाब में दिल्ली की टीम छह विकेट पर 158 रन ही बना सकी। इरफान पठान ने 34 गेंद में 44 और वेणुगोपाल राव ने 20 गेंद में 30 रन बनाये लेकिन टीम की हार को नहीं टाल सके। चेन्नई के लिये आर अश्विन और ड्वेन ब्रावो ने दो दो विकेट लिए। चेन्नई के लिये धोनी ने 31 गेंद में पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। उन्होंने इरफान पठान को आखिरी दो गेंद पर दो छक्के लगाए। दूसरी ओर बद्रीनाथ ने 43 गेंद में 55 रन बनाये जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था। वेस्टइंडीज दौरे के लिये भारतीय टीम में जगह लगभग पक्की कर चुके बद्रीनाथ ने अपने फार्म को बरकरार रखते हुए बेहतरीन पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिये 9.2 ओवर में 96 रन जोड़े। आखिरी दो ओवर में 37 और आखिरी दस ओवर में 109 रन बने। डेयरडेविल्स के लिये अजित अगरकर काफी महंगे साबित हुए जिन्होंने चार ओवर में 49 रन दिए। पठान ने चार ओवर में 40 रन दिए। इस जीत के बाद चेन्नई 12 मैच में 16 अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं दिल्ली 12 मैच में आठ अंक लेकर आठवें स्थान पर खिसक गया है। चेन्नई की पारी का आकषर्ण रहे धोनी ने आते ही अगरकर को चौका लगाकर अपने तेवर जाहिर कर दिये थे। इसके बाद उन्होंने एंड्रयू मैकडोनाल्ड को छक्का लगाया। धोनी और बद्रीनाथ ने शाट खेलने के लिये ढीली गेंदों का इंतजार किया। अगरकर के दूसरे स्पैल में धोनी ने उनकी जबर्दस्त धुनाई की। दूसरी ओर से बद्रीनाथ ने धोनी को ज्यादा से ज्यादा स्ट्राइक दी। इससे पहले टास जीतकर बल्लेबाजी चुनने वाली चेन्नई की शुरूआत खराब रही। पठान ने खतरनाक माइक हस्सी (पांच) को पहले ही ओवर में आउट कर दिया। सुरेश रैना (14) ने मैकडोनाल्ड को चौके और छक्के के साथ शुरूआत की। वरूण आरोन की शार्टपिच गेंद पर हुक शाट खेलने के प्रयास में वह हालांकि डीप फाइन लेग में पठान को कैच दे बैठे। इस बीच मुरली विजय ने 33 गेंद में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 35 रन बनाए। विजय को 22 के स्कोर पर जीवनदान मिला जब आरोन की गेंद पर दिल्ली के कप्तान जेम्स होप्स उनका कैच नहीं लपक सके। अगले ओवर की पहली गेंद पर बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम उनका रिटर्न कैच नहीं लपक सके। उस समय विजय का स्कोर 23 रन था। वह इसमें 12 रन ही जोड़ सके। अगरकर की गेंद पर सीमा रेखा के पास वेणुगोपाल राव ने उनका कैच लपका। दिल्ली की शुरूआत आक्रामक रही। नमन ओझा और डेविड वार्नर ने आक्रामक शाट खेले लेकिन विकेटों का पतन शुरू होने से टीम दबाव में आ गई। ओझा ने 14 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 25 रन बनाए। वहीं वार्नर ने 25 गेंद में 21 रन बनाए। ओझा को तीसरे ओवर में मोर्कल ने जकाती के हाथों लपकवाया। कोलिन इंगराम (सात) अश्विन का शिकार हुए। वहीं वार्नर को ब्रावो ने पवेलियन भेजा। इसके बाद पठान और राव ने तीसरे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की जो दिल्ली की सबसे बड़ी साझेदारी थी। इसे अश्विन ने राव को पवेलियन भेजकर तोड़ा। इसके बाद कोई बल्लेबाज पठान का साथ नहीं दे सका। पठान ने 34 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 44 रन बनाए। राव ने 20 गेंद में 30 रन की पारी खेली जिसमें दो चौके और दो छक्के शामिल थे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
आईपीएल, चेन्नई सुपरकिंग्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, IPL, CSK, DD
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com