विज्ञापन
This Article is From Mar 07, 2012

डाउ केमिकल्स को प्रायोजन से नहीं हटाएगा आईओसी

डाउ केमिकल्स को प्रायोजन से नहीं हटाएगा आईओसी
अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति ने डाउ केमिकल्स को लंदन ओलिंपिक के प्रायोजन से हटाने की भारत सरकार की मांग बुधवार को खारिज कर दी।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय ओलिंपिक समिति ने डाउ केमिकल्स को लंदन ओलिंपिक के प्रायोजन से हटाने की भारत सरकार की मांग बुधवार को खारिज कर दी।

खेल मंत्रालय के संयुक्त सचिव राहुल भटनागर को लिखे पत्र में आईओसी ने कहा कि भोपाल गैसपीड़ितों के प्रति सरकार की हमदर्दी की वे सराहना करते हैं लेकिन डाउ केमिकल्स उस समय ना तो संयंत्र का मालिक था और ना ही उसे चला रहा था, जब भोपाल गैस त्रासदी हुई थी।

आईओसी के एनओसी मामलों के निदेशक पेरे मिरो ने भटनागर को लिखे पत्र में यह बात कही है। भटनागर ने आईओसी अध्यक्ष जाक रोगे को 24 फरवरी को लिखे पत्र में डाउ को ओलिंपिक के प्रायोजक के तौर पर हटाने की मांग की थी।

पत्र में लिखा है, ‘मैं 24 फरवरी 2012 के आपके पत्र के संदर्भ में यह पत्र लिख रहा हूं। आईओसी मानती है कि 1984 की भोपाल गैस त्रासदी भयावह हादसा था। ओलंपिक आंदोलन पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता है।’ इसमें कहा गया, ‘आईओसी ने विभिन्न समूहों से मशविरा किया है लेकिन हम आपको आश्वासन दिलाना चाहते हैं कि हमने उन्हीं लोगों से साझेदारियां की हैं जो ओलंपिक आंदोलन के मूल्यों को समझते हैं।’ पत्र में कहा है, ‘डाउ विश्व स्तर की अग्रणी कंपनी है। हम आपके पत्र के लिये धन्यवाद देते हैं और आपकी चिंता समझते हैं।’ मिरो ने कहा कि आईओसी और लंदन ओलंपिक आयोजन समिति डाउ से करार करते समय भोपाल गैस त्रासदी से वाकिफ थी।

मिरो ने कहा, ‘त्रासदी के 16 साल बाद तक और 47 करोड़ डालर का मुआवजा करार होने के 12 साल बाद तक डाउ का यूनियन कार्बाइड में कोई हिस्सा नहीं था। भारतीय उच्चतम न्यायालय ने 1991 और 2007 में दो बार उस करार को बरकरार रखा।’ डाउ फिलहाल यूनियन कार्बाइड का मालिक है जो 1984 की भोपाल गैस त्रासदी के लिये दोषी थी। आईओए डाउ को हटाने के लिये आईओसी को मनाने में नाकाम रहा था जिसके बाद केंद्र सरकार को दखल देखकर आईओसी को पत्र लिखना पड़ा था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IOC, Dow Chemicals, Olympic Sponsors, डाउ कैमिकल्स, प्रायोजक, आईओसी
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com