बांग्लादेश कई लिहाज से बेहतर दिख रही महेंद्र सिंह धोनी की टीम को 2007 विश्वकप की तरह एक बार फिर पटखनी देने के इरादे से मैदान में उतरेगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
Dhaka:
खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा भारत शनिवार को आईसीसी विश्व कप-2011 में अपने अभियान का आगाज करेगा। इस आगाज में उसके सामने होगा मेजबान बांग्लादेश जो कई लिहाज से अपने से बेहतर दिख रही महेंद्र सिंह धोनी की टीम को 2007 विश्व कप की तरह एक बार फिर पटखनी देने के इरादे से मैदान में उतरेगा। राजधानी ढाका के करीब स्थित मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में इस मुकाबले को देखने के लिए 28,000 दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। अपने घरेलू दर्शकों की हौसलाअफजाई के बीच बांग्लादेश चार वर्ष पहले वेस्टइंडीज में लिखी गई इबारत को एक बार फिर दोहराने का प्रयास करेगा। बांग्लादेश के हाथों मिली हार के बाद भारत विश्व कप से बाहर हो गया था। दोनों टीमों के बीच किसी तरह की बराबरी नहीं है। यह अलग बात है कि हाल के दिनों में बांग्लादेश ने कई बड़ी टीमों को चौंकाया है लेकिन भारत के साथ उसकी अब तक 22 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से 20 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वर्ष 2007 के विश्व कप के अलावा बांग्लादेश ने 2004 में भारत को हराया था। एकदिवसीय क्रिकेट में बीता रिकार्ड या टीमों की हैसियत मायने नहीं रखती। जीत उसी की होती है, जो मैच के दिन श्रेष्ठ खेल दिखाता है। ऐसे में भारत को इस बात को गांठ बांधकर मैदान में उतरना होगा कि उसे न सिर्फ अपने अभियान की शानदार शुरुआत करनी है बल्कि उसे 2007 की शर्मनाक हार का हिसाब भी चुकाना है और यह सब विपक्षी टीम को कमतर आंके बिना करना होगा। भारतीय कप्तान धोनी की किस्मत और अच्छे खेल की बदौलत भारतीय टीम ने बुलंदियों को छुआ है लेकिन पहले मैच से यह साबित होगा कि इस विश्व कप को लेकर उसकी तैयारी कैसी है। धोनी ने कहा, "हमने अब तक हर वो चीज हासिल की, जिसकी हमें चाहत थी लेकिन अब हमारा ध्यान विश्व कप के पहले मुकाबले को असरदार तरीके से जीतने के अपने अभियान को साकार करने पर है।" कागज पर भारतीय टीम बांग्लादेश की तुलना में कई गुना शक्तिशाली दिखती है। उसके पास सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गम्भीर, विराट कोहली, सुरेश रैना, यूसुफ पठान और खुद धोनी जैसे दिग्गज बल्लेबाज और जहीर खान, हरभजन सिंह, शांताकुमारन श्रीसंत और पीयूष चावला जैसे चैम्पियन गेंदबाज हैं। मध्यक्रम में कोहली और रैना में किसी एक को आजमाने को लेकर संशय था लेकिन कप्तान धोनी बुधवार को इस पर से भी पर्दा उठा चुके हैं। धोनी ने कहा था कि मौजूदा फार्म को देखते हुए चौथे क्रम पर कोहली के उतरने की पूरी-पूरी सम्भावना है। धोनी ने इस सम्बंध में कहा, "पारी शुरू करने को लेकर कोई मतभेद नहीं है। गम्भीर तीसरे क्रम पर उतरेंगे। जहां तक चौथे क्रम की बात है तो इसके लिए कोहली और रैना की दावेदारी है। प्रबंधन ने फैसला किया है कि इस स्थान के लिए कोहली को उतारा जाना ज्यादा उचित होगा।" कप्तान के मुताबिक रैना ने पांचवें और छठे क्रम पर अच्छी बल्लेबाजी की है लेकिन ये दोनों क्रम खाली नहीं हैं। युवराज को पांचवें क्रम पर उतरना है जबकि वह खुद छठे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे। सातवें क्रम पर यूसुफ पठान का अधिकार है। ऐसे में अंतिम-11 में स्थान बनाने के लिए रैना को इंतजार करना होगा। गम्भीर स्वाभाविक सलामी बल्लेबाज हैं लेकिन चूंकि टीम प्रबंधन ने विश्व कप में पारी की शुरुआत तेंदुलकर और सहवाग से कराने का फैसला किया है, इस कारण गम्भीर को तीसरे क्रम पर उतरना पड़ रहा है। इस क्रम पर गम्भीर ने बुधवार को 89 रन की अच्छी पारी खेली थी। कप्तान कह चुके हैं कि भारत चार विशेषज्ञ गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरेगा। इसके अलावा युवराज पांचवें गेंदबाज की भूमिका निभाएंगे। युवराज के अलावा सहवाग और पठान भी गेंदबाजी कर सकते हैं। कप्तान के मुताबिक जहीर की फिटनेस को लेकर अब कोई संशय नहीं है। वह पहले मुकाबले में पूरे जोश के साथ उतरेंगे। दूसरी ओर, बांग्लादेश को घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा। क्रिकेट को लेकर दीवाने इस देश में अपनी टीम की हौसलाअफजाई के लिए हजारों बांग्लादेशी मैदान में मौजूद होंगे और उनके समर्थन के बीच मेजबान खिलाड़ी अपना सौ फीसदी प्रदर्शन करना चाहेंगे। बांग्लादेश ने 2007 विश्व कप के सुपर-8 दौर में जगह बनाई थी और इस बार उसका लक्ष्य क्वार्टरफाइनल में पहुंचना है। कप्तान शाकिब अल हसन बीते दिनों इसकी घोषणा कर चुके हैं। शाकिब जैसे प्रतिभाशाली हरफनमौला खिलाड़ी के नेतृत्व में खेलते हुए बांग्लादेश के पास इस लक्ष्य को हासिल करके इतिहास बनाने का मौका है और इसके लिए वह तमीम इकबाल, इमरूल कायेस, मोहम्मद अशरफुर और जुनैद सिद्दीकी जैसे बल्लेबाजों के अलावा अब्दुर रज्जाक जैसे माहिर स्पिनर, शैफुल इस्लाम और रूबेल सुहैन जैसे युवा प्रतिभाशाली गेंदबाजों निर्भर रहेगा। टीमें : भारत : महेंद्र सिंह धोनी, सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, गौतम गम्भीर, युवराज सिंह, सुरैश रैना, विराट कोहली, यूसुफ पठान, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, पीयूष चावला, शांताकुमारन श्रीसंत, जहीर खान, मुनाफ पटेल और आशीष नेहरा। बांग्लादेश : शाकिब अल हसन, तमीम इकबाल, अब्दुर रज्जाक, इमरुल कायेस, जुनैद सिद्दीकी, महमुदुल्लाह, मोहम्मद अशरफुल, मशफिकुर रहीम, नईम इस्लाम, नजमुल हुसैन, रकीबुल हसन, रुबेल हुसैन, शैफुल इस्लाम, शहरयार नफीस और सुहरावादी शुवो। अम्पायर : स्टीव डेविस तथा कुमार धर्मसेना तीसरा अम्पायर : बिली डॉक्ट्रोव चौथा अम्पायर : असद रउफ मैच रेफरी : रंजन मदुगले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
भारत, बांग्लादेश, उलटफेर