विज्ञापन
This Article is From Apr 13, 2017

पीवी सिंधु के लिए बड़ा झटका, एक हफ्ते में ही तीन पायदान नीचे खिसकीं

पीवी सिंधु के लिए बड़ा झटका, एक हफ्ते में ही तीन पायदान नीचे खिसकीं
सिंधु पिछले सप्‍ताह ही बैडमिंटन की रैंकिंग में दूसरे स्‍थान पर थीं (फाइल फोटो)
देश की शीर्ष शटलर पीवी सिंधु को एक हफ्ते में ही बैडमिंटन की महिला रैंकिंग में अपना दूसरा स्‍थान गंवाना पड़ा है. रियो ओलिंपिक की सिल्‍वर मेडलिस्‍ट पीवी सिंधु दुनिया की दूसरे नंबर की रैंकिंग हासिल करने के एक हफ्ते बाद आज ताजा बैडमिंटन विश्व महासंघ की सूची में तीन पायदान खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं. हैदराबाद की इस 21 वर्षीय शटलर ने पिछले हफ्ते अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की थी लेकिन मलेशिया ओपन सुपर सीरीज के पहले दौर में बाहर हो गयी थी जिसका असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा.

सिंधु अब इस हफ्ते सिंगापुर ओपन में खेल रही हैं, उन्‍होंने प्रतियोगिता के क्‍वार्टर फाइनल में स्‍थान बना लिया है.  मलेशिया ओपन में पहले दौर में हारने वाले साइना नेहवाल की रैंकिंग में हालांकि कोई बदलाव नहीं हुआ है और वह नौंवे स्थान पर कायम हैं. महिला एकल रैंकिंग में ताईवान की ताई जु यिंग शीर्ष पर बनी हुई हैं. पुरुष एकल में अजय जयराम 14वें स्थान से सर्वश्रेष्ठ स्थान पर काबिज भारतीय हैं और कोई भी भारतीय पुरूष खिलाड़ी शीर्ष 20 में शामिल नहीं है.

पिछले सप्‍ताह ही सिंधु ने करियर की सर्वश्रेष्‍ठ छलांग लगाई थी और वह वर्ल्‍ड रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंच गई थीं. पिछले सप्‍ताह कैरोलिना मॉरिन को हराकर सिंधु ने इंडियन ओपन सुपर सीरीज का खिताब जीता था. कैरोलिना मॉरिन ने ओलिंपिक के फाइनल में सिंधु को हराया था. इससे पहले दो अप्रैल को भारतीय बैडमिंटन स्‍टार पीवी सिंधु ने इंडिया ओपन सुपर सिरीज के फाइनल मुकाबले में स्‍पेन की खिलाड़ी और वर्ल्‍ड नंबर वन कैरोलिना मॉरिन को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया था.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com