विज्ञापन
This Article is From Oct 31, 2017

अगले एक-दो टूर्नामेंट में अच्छा खेला तो ज़रूर नंबर 1 बनूंगा : किदांबी श्रीकांत

NDTV से ख़ास बात करते हुए वो कहते हैं, "मैं रैंकिंग के पीछे नहीं भागता. मुझे इस साल अभी चाइना ओपन (14-19 नवंबर) और हांगकांग ओपन (21-26 नवंबर) में हिस्सा लेना है. अगर इनमें अच्छा खेलता रहा तो ज़रूर वर्ल्ड नंबर 1 बन जाऊंगा."

अगले एक-दो टूर्नामेंट में अच्छा खेला तो ज़रूर नंबर 1 बनूंगा : किदांबी श्रीकांत
भारतीय बैडमिंटन स्‍टार किदांबी श्रीकांत (फाइल फोटो)
नई दिल्‍ली: किदांबी 'सुपर' श्रीकांत इसी हफ़्ते गुरुवार को अपने करियर के बेहतरीन वर्ल्ड नंबर 2 की रैंकिंग हासिल कर लेंगे. उनके फ़ैन्स इस सवाल को लेकर बेताब हैं कि वो कब वर्ल्ड नंबर वन बन जाएंगे. लेकिन श्रीकांत अपनी रैंकिंग को लेकर फ़िक्रमंद नहीं हैं. NDTV से ख़ास बात करते हुए वो कहते हैं, "मैं रैंकिंग के पीछे नहीं भागता. मुझे इस साल अभी चाइना ओपन (14-19 नवंबर) और हांगकांग ओपन (21-26 नवंबर) में हिस्सा लेना है. अगर इनमें अच्छा खेलता रहा तो ज़रूर वर्ल्ड नंबर 1 बन जाऊंगा." वो बार-बार कहते हैं कि उनका फोकस कंसिसटेंसी यानी लगातार शानदार प्रदर्शन करने पर है.

इन दिनों भारतीय बैडमिंटन के सितारे बुलंदी पर हैं तो उसकी बड़ी वजह किदांबी श्रीकांत है. श्रीकांत इन दिनों पीवी सिंधु और सायना नेहवाल जैसे ओलिंपिक मेडलिस्ट से भी बेहतर प्रदर्शन करते नज़र आते हैं. कई जानकार इसे भारतीय बैडमिंटन का सुनहरा दौर मान रहे हैं. पिछले 15 दिनों में बैडमिंटन की दुनिया पर बादशाहत कायम करने के बाद गुंटूर के किदांबी श्रीकांत हैदाराबाद लौटे तो उनका स्वागत एक चैंपियन की तरह हुआ. वैसे वो जिस फ़ॉर्म में हैं, लगता है कि उन्हें इसकी आदत डाल लेनी होगी. श्रीकांत कहते हैं, "मुझे लगता है कि भारतीय बैडमिंटन शायद अपने सबसे बेहतर दौर में है. सिर्फ़ सिंगल्स ही नहीं, डबल्स में भी खिलाड़ी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. अगर हम कड़ी मेहनत करें और लगातार अच्छा प्रदर्शन करें तो बैडमिंटन को यहां से आगे अगले स्तर पर ले जा सकते हैं."

श्रीकांत आक्रामक बैडमिंटन खेलते हुए भी अपना संयम नहीं खोते. यही वजह है कि पिछले दिनों उन्होंने वर्ल्ड चैंपियन विक्टर एक्सेलसेन से लेकर लिन डैन जैसे खिलाड़ियों को शिकस्त दे दी. इसका श्रेय वो टेनिस के सुपरस्टार रॉजर फ़ेडरर को देते हैं. 24 साल के श्रीकांत कहते हैं, "मुझे रॉजर फ़ेडरर बहुत पसंद हैं. मैं उन्‍हीं की तरह गेम में शांत रहने की कोशिश करता हूं. अपना फ़ोकस गेम की रणनीति पर रखता हूं. गेम के दौरान आक्रामकता या भावनाएं प्रदर्शन करने की कोशिश नहीं करता. फ़ेडरर मेरे लिए बड़ी प्रेरणा हैं."

VIDEO: रैंकिंग पर नहीं रहता फोकस : NDTV से बोले किदाम्बी श्रीकांत

दुनिया के टॉप 25 पुरुष सिंगल्स खिलाड़ियों में सबसे ज़्यादा भारत के 5 खिलाड़ी शामिल हैं. एक साथ श्रीकांत जैसे कई उभरते स्टार्स ने भारतीय बैडमिंटन से फ़ैन्स की उम्मीदें भी बढ़ा दी हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com