विज्ञापन
This Article is From Sep 17, 2015

हाकी इंडिया लीग की नीलामी : पहले दौर में सबसे अधिक महंगे बिके फुएत्र्से

हाकी इंडिया लीग की नीलामी : पहले दौर में सबसे अधिक महंगे बिके फुएत्र्से
भारतीय हॉकी टीम (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: जर्मनी के स्टार मिडफील्डर मौरित्ज फुएत्र्से आज हाकी इंडिया लीग के लिए हो रही नीलामी में पहले दौर में सबसे महंगे बिके। उन्हें 105000 डालर में कलिंगा लांसर्स ने खरीदा। भारतीय कप्तान सरदार सिंह को अपेक्षाकृत कम कीमत (58000 डालर) मिली।

एचआईएल के लिए हो रही नीलामी में आज 135 भारतीय और 137 विदेशी खिलाड़ियों पर बोली लगनी है। नए नियमों के तहत हर टीम में 20 खिलाड़ी होंगे जिनमें 12 भारतीय और आठ विदेशी होंगे।

शुरुआती दौर में बिके 60 खिलाड़ियों में जर्मनी के फुएत्र्से सबसे महंगे बिके जिन्हें कलिंगा लांसर्स ने 105000 डालर में खरीदा । जर्मनी के लिए 256 मैचों में 109 गोल कर चुके फुएत्र्से पिछले सत्र में रांची रेस के मारकी खिलाड़ी थे। उन्हें इस बार रिलीज किया था। उनकी बेसप्राइज 30000 डालर थी लेकिन दबंग मुंबई और कलिंगा लांसर्स के बीच उन्हें खरीदने की होड़ में कलिंगा ने बाजी मारी।

जर्मनी के फारवर्ड फ्लोरियन फुश और डिफेंडर तबियास हाउके को 96000 डालर में क्रमश: मुंबई और यूपी विजार्डस ने खरीदा।

रूपिंदर पाल को मिले काफी दाम
भारतीयों में पहले दौर में सबसे महंगे पेनाल्टी कार्नर विशेषज्ञ रूपिंदर पाल सिंह बिके। उन्हें दिल्ली वेवराइडर्स ने ही 68000 डालर में खरीदा । दिल्ली और मुंबई के बीच उन्हें खरीदने के लिए होड़ रही, लेकिन पिछली फ्रेंचाइजी दिल्ली ने ही उन पर फिर अधिक बोली लगाई। मिडफील्डर धरमवीर सिंह को कलिंगा लांसर्स ने 60000 डालर में खरीदा जबकि उनकी बेसप्राइज 20000 डालर थी।

सरदार सिंह के कम दाम पर हैरानी
दिल्ली वेवराइडर्स के मारकी खिलाड़ी रहे भारतीय कप्तान सरदार सिंह को कम दाम मिलना हैरानी का सबब रहा। उन्हें जेपी पंजाब वारियर्स ने 58000 डालर में खरीदा। यूपी और दिल्ली को पछाड़कर दबंग मुंबई ने आस्ट्रेलिया के लिए 247 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके डिफेंडर मैथ्यू स्वान को 75000 डालर में खरीदा, जिनकी बेसप्राइज 20000 डालर थी। आस्ट्रेलिया के ही मिडफील्डर कीरान गोवर्स (बेसप्राइज 25000 डालर) को मुंबई ने 36000 डालर में खरीदा ।

रांची रेस ने मिडफील्डर विक्रमजीत सिंह को बेसप्राइज 4500 डालर में खरीदा। वहीं आस्ट्रेलियाई फारवर्ड फ्लिन ओगिल्वी भी बेसप्राइज 10000 डालर में बिके, जिन्हें रांची रेज ने ही खरीदा।

युवा डिफेंडर आनंद लाकड़ा को कलिंगा लांसर्स ने 8000 डालर में खरीदा जबकि उनकी बेसप्राइज 4500 डालर थी। युवा फारवर्ड परविंदर सिंह को बेसप्राइज (6000 डालर) से करीब पांच गुना अधिक कीमत पर दिल्ली ने 29000 डालर में खरीदा। वहीं डिफेंडर अमित रोहिदास भी 8000 डालर की बेसप्राइज से कहीं अधिक कीमत पर बिके। उन्हें कलिंगा ने 31000 डालर में खरीदा। युवा मिडफील्डर एस नीलकांत शर्मा को मुंबई ने बेसप्राइज (2600) डालर पर खरीदा ।

स्वीडन के फारवर्ड योहान ब्योर्कमैन को मुंबई ने 10000 डालर (बेसप्राइज 5000) में खरीदा । गोलकीपरों में न्यूजीलैंड के डेवोन मैनचेस्टर को दिल्ली ने 25000 डालर में खरीदा जबकि उनका बेसप्राइज 15000 डालर था ।

कलिंगा लांसर्स का फुएत्र्से को खरीदने का तय इरादा था
फुएत्र्से को इतना महंगा खरीदने के बारे में पूछने पर कलिंगा लांसर्स के मेंटर और भारत के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की ने कहा कि टीम प्रबंधन उन्हें खरीदने का इरादा लेकर ही उतरा था। उन्होंने कहा ,‘ पिछले दो सत्रों में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लिहाजा इस बार हम मजबूत टीम बनाना चाहते हैं और हम सोचकर आए हैं कि किन खिलाड़यों को खरीदना है। फुएत्र्से उनमें से एक हैं ।’

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
हाकी इंडिया लीग की नीलामी, मौरित्ज फुएत्र्से, भारतीय कप्तान सरदार सिंह, कलिंगा लांसर्स, Hockey India League Auction, Fuatrse, Sardar Singh, Kalinga Lancers
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com