विज्ञापन
This Article is From Jul 06, 2014

लुईस हैमिल्टन ने जीती ब्रिटिश ग्रां प्री

लुईस हैमिल्टन ने जीती ब्रिटिश ग्रां प्री
सिल्वरस्टोन (ब्रिटेन):

लुईस हैमिल्टन ने लगभग एक लाख 20 हजार घरेलू दर्शकों के सामने आज यहां ब्रिटिश ग्रां प्री फार्मूला वन रेस जीतकर विश्व चैंपियनशिप जीतने की अपनी उम्मीदों को फिर से जीवंत कर दिया।

ब्रिटेन के इस 29 वर्षीय ड्राइवर ने मर्सीडीज के अपने साथी निको रोसबर्ग के सत्र में पहली बार रेस पूरी नहीं कर पाने का पूरा फायदा उठाया। इससे खिताब की दौड़ में वह इस जर्मन से अब केवल चार अंक पीछे रह गए हैं। हैमिल्टन ने दूसरे स्थान पर रहे विलियम्स के फिनलैंड के ड्राइवर वालटेरी बोटास से 30 सेकेंट पहले रेस पूरी की। बोटास ने ग्रिड में 14वें स्थान से शुरुआत की थी।

हैमिल्टन की ब्रिटिश ग्रां प्री में यह दूसरी, सत्र की पांचवीं और करियर की 27वीं जीत है। इस तरह से उन्होंने ब्रिटेन के तीन बार के चैंपियन जैकी स्टीवर्ट के रिकॉर्ड की बराबरी की।

रेड बुल के ऑस्ट्रेलियाई डेनियल रिकार्डो तीसरे, ब्रिटेन के 2009 के चैंपियन और मैकलारेन के ड्राइवर जेनसन बटन चौथे, चार बार के मौजूदा चैंपियन जर्मनी के रेडबुल के ड्राइवर सेबेस्टियन वेटेल पांचवें और फेरारी के स्पेनिश ड्राइवर फर्नांडो अलोंसो छठे स्थान पर रहे।

अलोंसो की टीम के साथी किमी रेकीनन शुरुआती लैप में ही दुर्घटना में शामिल रहे, जिसके कारण रेस एक घंटे के लिए रोकनी पड़ी। फिनलैंड का यह ड्राइवर अपना संतुलन खो बैठा और बैरियर के अलावा विलियम्स के ब्राजीली ड्राइवर फेलिप मासा की कार से टकरा गया।

मैकलारेन मर्सीडीज के केवन मैगुनसन सातवें, फोर्स इंडिया के निको हल्केनबर्ग आठवें, टोरो रोसो के डेनिल कयाट नौवें और उनके साथी जीन एरि वर्गेन दसवें स्थान पर रहे। फोर्स इंडिया के दूसरे ड्राइवर सर्जियो पेरेज को 11वें स्थान से संतोष करना पड़ा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ग्रां प्री, ब्रिटिश ग्रां प्री, लुइस हैमिल्टन, Grand Prix, British Grand Prix, Luis Hamilton
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com