वर्ष 1996 विश्व कप से अपने करियर का आगाज करने वाले गिलक्रिस्ट ने 2007 विश्व कप तक खेले गए 31 मैचों में कुल 52 शिकार किए।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 12 वर्षों तक अपने बल्ले की खनक और विकेट के पीछे अपनी चपलता के लिए विख्यात आस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने विश्व कप में सर्वाधिक 'शिकार' करने का जो रिकार्ड स्थापित किया है, उसे आखिरकार कौन तोड़ पाएगा? वर्ष 1996 विश्व कप से अपने करियर का आगाज करने वाले गिलक्रिस्ट ने 2007 विश्व कप तक खेले गए 31 मैचों में कुल 52 शिकार किए। इसमें 45 कैच और सात स्टंपिंग शामिल हैं। विश्व कप के किसी एक मैच में सर्वाधिक छह शिकार लपकने का रिकार्ड भी उन्हीं के नाम है। विकेट के पीछे अपनी नियंत्रित भूमिका के लिए जाने जाने वाले श्रीलंकाई कप्तान कुमार संगकारा के नाम 21 मैचों में 32 शिकार दर्ज हैं। संगकारा ने 26 कैच लिए हैं और साथ ही छह स्टंपिंग भी किए हैं। दूसरी ओर, एक दशक से भी अधिक समय से विकेट के पीछे की भूमिका संभाल रहे दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर के नाम 25 मैचों में 31 शिकार दर्ज हैं लेकिन बाउचर 2011 विश्व कप में नहीं खेल रहे हैं। उनके स्थान पर अब्राहम डिविलियर्स को विकेट के पीछे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज मोइन खान ने भी विश्व कप के 20 मैचों में 30 शिकार किए हैं लेकिन मोइन को संन्यास लिए एक जमाना बीत चुका है। ऐसे में संगकारा को छोड़कर मौजूदा टीमों का कोई भी विकेटकीपर आने वाले समय में गिलक्रिस्ट के रिकार्ड के आस-पास फटकता नजर नहीं आता। मसलन, भारतीय कप्तान और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धौनी के नाम तीन मैचों में सात शिकार दर्ज हैं और कनाडा के विकेटकीपर आशीष बगई ने नौ मैचो में 13 शिकार किए हैं। जिम्बाब्वे के तातेंदा ताइबू के नाम आठ मैचों में सात शिकार हैं जबकि न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्लम ने 17 मैचों में 23 शिकार लपके हैं।