आंद्रे शुर्ले और मेसुट ओजिल के अतिरिक्त समय में किए गए गोल की मदद से जर्मनी ने सोमवार को पोटरे अलेग्रे अंतिम-16 के मुकाबले में अल्जीरिया को 2-1 से हराकर विश्वकप फुटबॉल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जहां उसका मुकाबला फ्रांस से होगा। दोनों टीमें निर्धारित समय तक गोलरहित बराबरी पर थी जिसके बाद चेल्सी के फारवर्ड शुर्ले ने 92वें मिनट में पहला गोल किया जबकि आर्सनल की तरफ से खेलने वाले ओजिल ने 120वें मिनट में विजयी गोल दागा।
अब्दुलमोउमेन दोबू ने इंजुरी टाइम के पहले मिनट में अल्जीरिया की तरफ से गोल करके हार का अंतर कम किया। अल्जीरिया पहली बार विश्वकप नॉकआउट में पहुंचा था और उसने तीन बार के विश्व चैंपियन को कड़ी मशक्कत करवाकर सम्मान के साथ विदाई ली।
पहले हाफ में स्पोर्टिंग लिस्बन के स्ट्राइकर इस्लाम सिलमानी का गोल ऑफ साइड होने के कारण अमान्य करार दिया गया जबकि जर्मनी के पास आया पहला सर्वश्रेष्ठ मौका अल्जीरिया के गोलकीपर राइस मबोही ने अपनी चपलता से नाकाम साबित किया।
उन्होंने पहले टोनी क्रूस और बाद में मारिया गोएट्ज के रिबाउंड को रोका। जर्मनी के कोच जोचिम लोउ ने मध्यांतर के बाद गोएट्जे की जगह शुर्ले को मैदान पर उतारा और उन्होंने आते ही अपना प्रभाव छोड़ा। शुर्ले का 48वें मिनट में लगाया गया शाट बेहद करीब से बाहर किया गया।
मबोही ने इसके बाद हवा में लहराते हुए अपनी उंगलियों के सहारे फिलिप लैम के प्रयास के असफल किया।
जब दोनों टीमें निर्धारित समय में गोल नहीं कर पायी तो खेल अतिरिक्त समय तक खिंच गया। शुर्ले आखिर में मबोही नाम की दीवार को पार करने में सफल रहे। उन्होंने 92वें मिनट में मुलर के क्रास पर गोल के करीब से फ्लिक करके गेंद जाली में भेजी।
इसके बाद ओजिल ने गोल दागा जबकि इसके तुरंत बाद दोबू ने गोल किया। फ्रांस और जर्मनी के बीच शुक्रवार को रियो डि जनेरियो के मकराना में क्वार्टर फाइनल मैच होगा। यह 1986 के विश्वकप के सेमीफाइनल की पुनरावृत्ति होगी जिसमें तत्तकालीन पश्चिम जर्मनी ने जीत दर्ज की थी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं