विश्व में हॉकी की सबसे बड़ी संस्था-अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने वर्ष 2012 में एफआईएच वर्ल्ड लीग शुरू करने की घोषणा की है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लाउसाने:
विश्व में हॉकी की सबसे बड़ी संस्था-अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने वर्ष 2012 में एफआईएच वर्ल्ड लीग शुरू करने की घोषणा की है। इसमें सभी प्रमुख देश हिस्सा लेंगे और इसके लिए सभी देशों के पास निमंत्रण भेज दिया गया है। एफआईएच की विज्ञप्ति में कहा गया है कि एफआईएच वर्ल्ड लीग में एफआईएच के सभी सदस्यों देशों को हिस्सा लेने का मौका दिया जाएगा। इसके जरिए इसमें शरीक होने वाले देशों के लिए विश्व कप और ओलिंपिक में खेलने का भी दरवाजा खुलेगा। 2012-13 सत्र के दौरान वर्ल्ड लीग में खेलने वाली चार टीमें 2014 विश्व कप में सीधे प्रवेश पाने की हकदार होंगी। विश्व कप का आयोजन नीदरलैंड्स के शहर हेग में होना है। एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैली फेयरवेदर ने कहा, "वर्ल्ड लीग प्रतियोगिता के माध्यम से हम एक कदम और आगे बढ़ाने पर खुश हैं। हम इसे काफी समय पहले शुरू करना चाहते थे। हम चाहते हैं कि इस आयोजन के माध्यम से सभी देश इलीट हॉकी में हिस्सा लें।" वर्ल्ड लीग चार राउंड में खेली जाएगी। शुरुआती दो राउंड 2012 कैलेंडर वर्ष में आयोजित होंगे जबकि तीसरा और चाथा राउंड 2013 में आयोजित किया जाएगा। इसमें महिला एवं पुरुष टीमें हिस्सा ले सकेंगी। टीमों के पास एक अप्रैल, 2011 तक यह बताने का समय है कि वे इसमें खेलने की इच्छुक हैं या नहीं। एफआईएच विश्व वरीयता क्रम में शीर्ष-8 स्थानों पर काबिज महिला एवं पुरुष टीमों को तीसरे दौर तक बाई मिलेगा। साथ ही साथ वरीयता क्रम में 9 से 16 स्थानों पर मौजूद टीमों को दूसरे राउंड में खेलने का टिकट मिलेगा। प्रत्येक राउंड में एफआईएच विश्व रैंकिंग प्रणाली लागू होगी। अंक किस प्रकार आवंटित किए जाएंगे, इसकी घोषणा बाद में की जाएगी। टूर्नामेंट में कितने राउंड होंगे, इसका फैसला पंजीकृत टीमों की संख्या पर निर्भर करेगा। इस तरह इसमें प्रत्येक देश को हिस्सा लेने का मौका देने का प्रयास किया गया है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
वर्ल्ड लीग, एफआईएच