विज्ञापन
This Article is From Jul 05, 2014

कोलंबिया को हराकर ब्राजील सेमीफाइनल में, जर्मनी से भिड़ेगा

कोलंबिया को हराकर ब्राजील सेमीफाइनल में, जर्मनी से भिड़ेगा
फोटो सौजन्य : एएफपी
फोटो सौजन्य : एएफपी
फोर्टालेजा (ब्राजील):

डेविड लुईज के फ्री किक पर 35 गज की दूरी से किए गए सनसनीखेज गोल से ब्राजील ने दक्षिण अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी कोलंबिया को 2-1 से हराकर विश्वकप के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जहां उसका सामना जर्मनी से होगा।

लुईज ने 69वें मिनट में फ्री किक से शानदार गोल कर ब्राजील की बढ़त दोगुनी कर दी जबकि थिएगो सिल्वा ने पहले हाफ में नेमार की कार्नर किक से मेजबान टीम को बढ़त दिलाई थी।

कोलंबिया के लिए जेम्स रोड्रिगेज ने 80वें मिनट में पेनल्टी को गोल में तब्दील कर हार के अंतर को कम किया। लेकिन, ब्राजीलियों ने बचे हुए तनावपूर्ण समय में संयम रखते हुए अंतिम चार में प्रवेश किया, जहां उसका सामना यूरोपीय 'पावरहाउस' जर्मनी से होगा जिसने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी फ्रांस को रियो डि जिनेरियो में 1-0 से मात देकर बाहर कर दिया।

मेजबान टीम के लिये हालांकि मंगलवार को होने वाले मुकाबले के लिए कुछ परेशानी भी खड़ी हो गई है क्योंकि ब्राजीली कप्तान थिएगो सिल्वा दूसरा पीला कार्ड मिलने से इस अंतिम चार के मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। ब्राजील के स्टार स्ट्राइकर नेमार की फिटनेस पर ही संदेह बन गया है, उन्हें कोलंबियाई डिफेंडर जुआन कैमिलो जुनिगा से हुई टक्कर के कारण दूसरे हाफ के अंत में स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ा था।

जुनिगा का घुटना नेमार की पीठ पर लगा और इस ब्राजीली स्ट्राइकर को जांच कराने के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा। ब्राजील ने 12 साल बाद विश्वकप के सेमीफाइनल में जगह बनाई और कोच लुई फेलिप स्कोलरी की टीम छठी ट्राफी जीतने के लिए केवल दो कदम की दूरी पर है।

इस तेज और आक्रामक क्वार्टरफाइनल मुकाबले में ब्राजील की टीम ने अभी तक टूर्नामेंट का शानदार प्रदर्शन दिखाया जबकि कोलंबियाई टीम ने भी जबरदस्त चुनौती पेश की।

कोलंबिया के युवा स्ट्राइकर रोड्रिगेज इस हार से बहुत आहत थे और मैदान छोड़ते समय उनकी आंखों से आंसू निकल रहे थे। इसके बाद उन्होंने लुईज से टीशर्ट बदली, जिन्होंने उन्हें ढाढ़स बंधाया।

रोड्रिगेज ने इस मुकाबले में टूर्नामेंट का अपना छठा गोल दागा, लेकिन उनका पेनल्टी से किया गया गोल टीम को टूर्नामेंट में बनाये रखने के लिए काफी नहीं था।

सिल्वा ने सातवें मिनट में गोल कर अपनी टीम को आगे कर दिया। नेमार के कार्नर पर पहले लुईज चूक गए, लेकिन टीम के कप्तान सिल्वा ने घुटने से इसे गोल में पहुंचा दिया।

सिल्वा इस तरह ब्राजील के लिए 20 साल में विश्वकप मैच में गोल करने वाले पहले कप्तान बन गए और यह ब्राजील का विश्वकप में 2006 के बाद सबसे जल्दी किया गया गोल था। 2006 में घाना के खिलाफ रोनाल्डो ने पांचवें मिनट में गोल दागा था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
फीफा 2014, ब्राजील बनाम कोलंबिया, FIFA 2014, Brazil Vs Columbia
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com