इंग्लैंड ग्रुप बी में हॉलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में धमाकेदार जीत के साथ अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत करने के लक्ष्य के साथ उतरेगा।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
Nagpur:
केविन पीटरसन को सलामी बल्लेबाज के रूप में उतारकर प्रयोग करने को तैयार इंग्लैंड विश्व कप ग्रुप बी में हॉलैंड के खिलाफ अपने पहले मैच में मंगलवार को धमाकेदार जीत के साथ अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत करने के लक्ष्य के साथ उतरेगा। विश्व कप से ठीक पहले एकदिवसीय शृंखला में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 1-6 की शिकस्त के बाद एंड्रयू स्ट्रॉस और उनकी टीम जामथा के विदर्भ क्रिकेट संघ स्टेडियम मैदान पर जब हॉलैंड का सामना करेगी, तो उनका इरादा इस निराशा को पीछे छोड़ने का होगा। निश्चित तौर पर हॉलैंड के खिलाफ इंग्लैंड का पलड़ा भारी है, लेकिन इंग्लैंड के विकेटकीपर मैट प्रयार ने रविवार को कहा था कि अच्छी शुरुआत करना अहम है और हॉलैंड को हल्के में लेना उनकी टीम को झटका दे सकता है, क्योंकि विश्व कप में इतिहास में कमजोर टीमें कई बार उलटफेर करने में सफल रही हैं। इंग्लैंड को उदाहरण के लिए अधिक इतिहास खंगालने की भी जरूरत नहीं है। दो साल पहले लॉर्ड्स में ट्वेंटी-20 विश्व कप के शुरुआती मैच में ही हॉलैंड ने मेजबान इंग्लैंड को चार विकेट से हराकर इतिहास रचा था। इस टीम का हिस्सा रहे बास जुइडेरेंट, पीटर बोरेन, पीटर सेलार, टाम डि ग्रुथ, एलेक्स कार्वीजी और रेयान टेन डोएशे हालैंड की मौजूदा विश्व कप टीम का भी हिस्सा हैं और इसी उपलब्धि को दोहराने के इरादे से उतरेंगे।इंग्लैंड टीम का केंद्र स्टार बल्लेबाज केविन पीटरसन हैं, जिन्हें सलामी बल्लेबाज के रूप में नए अवतार में देखा जाएगा। क्षेत्ररक्षण की पाबंदियों के दौरान पीटरसन अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सकते हैं और साथी खिलाड़ी उनकी मौजूदगी में पावरप्ले का पूरा फायदा उठाने की उम्मीद कर रहे होंगे। पीटरसन अपनी नई भूमिका में प्रभावित करने में सफल रहे हैं और पाकिस्तान के खिलाफ अभ्यास मैच में 67 रन की जीत के दौरान उन्होंने टीम की ओर से सर्वाधिक 66 रन बनाए। मध्यक्रम में इंग्लैंड को इओइन मोर्गन की कमी खलेगी और ऐसे में उम्मीदों को बोझ इयान बेल, रवि बोपारा और पॉल कोलिंगवुड पर होगा। जामथा की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल लग रही है। न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच अभ्यास मैच में यहां लगभग 600 रन बने। इंग्लैंड की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद विरोधी टीम को सस्ते में ढेर करना चाहेगी। कनाडा के खिलाफ पहले अभ्यास मैच में इंग्लैंड लय में नहीं दिखा, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने जोरदार खेल दिखाया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, विश्व कप, इंग्लैड, हॉलैंड