विज्ञापन
This Article is From Mar 29, 2011

हम महामुकाबले के लिए तैयार हैं : धोनी

धोनी ने मंगलवार को कहा कि उनके साथी बुधवार को पाकिस्तान के साथ होने वाले महामुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मोहाली: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को कहा कि उनके साथी बुधवार को पाकिस्तान के साथ होने वाले महामुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कप्तान ने कहा कि इस मैच को लेकर दोनों देशों में जबरदस्त चर्चा और उत्साह है, लेकिन उनके साथी इन तमाम चर्चाओं से 'बेखबर' अभ्यास पर ध्यान लगाए हुए हैं। धोनी ने पाकिस्तान के साथ पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) के मैदान पर होने वाले आईसीसी विश्व कप-2011 के सेमीफाइनल मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "निश्चित तौर पर यह हमारे लिए बड़ा मैच है। एक तो यह सेमीफाइनल है और दूसरे, हमारा सामना पाकिस्तान से होना है। इस मैच को लेकर जबरदस्त चर्चा हो रही है, लेकिन हम इससे प्रभावित नहीं हैं। हमारा ध्यान अपने काम पर है। हम मैच दर मैच रणनीति पर बनाए हुए हैं। मीडिया के माध्यम से जो बातें सामने आ रही हैं, उससे बेखबर मेरे सभी साथी अपनी भूमिका को श्रेष्ठता से अंजाम तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं।" धोनी ने कहा कि इस मैच को लेकर जो 'हाइप' हुआ है, वह मीडिया और प्रायोजकों द्वारा तैयार किया गया है। इससे टीम को कोई फर्क नहीं पड़ता। बकौल धोनी, "देखिए मैं साफ कर देना चाहता हूं कि जो हाइप मीडिया और प्रायोजकों ने बनाया है, हम उसमें शामिल नहीं हैं। अब तक कुल सात सवाल इसी हाइप को लेकर पूछे जा चुके हैं। हम अच्छा क्रिकेट खेलने का वादा करते हैं। हम मैदान में यही कर सकते हैं। चर्चा में शामिल होना हमारा काम नहीं, क्योंकि इससे हमें कुछ नहीं हासिल होगा।" कप्तान ने कहा कि टीम के सभी सदस्य फिट हैं और मंगलवार दोपहर के अभ्यास के बाद वे सीधे मैच के लिए ही मैदान में उतरेंगे। धोनी बोले, "हमारे लिए अच्छी खबर यह है कि हमारे सभी खिलाड़ी फिट हैं। इस मैच के लिए हम पूरी तरह अपनी क्षमताओं पर ध्यान दे रहे हैं और उन्हें मांजने के लिए मेहनत कर रहे हैं। हम अपनी फिटनेस और तकनीक पर आश्रित हैं और हमें उम्मीद है कि इससे हमें जरूर सकारात्मक नतीजा मिलेगा।" पाकिस्तानी टीम के बारे में पूछे जाने पर भारतीय कप्तान ने कहा कि बीते दिनों में इस टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है और खुद को खिताब के दावेदारों में शामिल किया है। कप्तान के मुताबिक पाक टीम के पास कुछ अच्छे हरफनमौला खिलाड़ी हैं, जो उसे शानदार संतुलन प्रदान करते हैं। कप्तान बोले, "पाकिस्तान टीम के पास कुछ अच्छे हरफनमौला खिलाड़ी हैं। इससे उसे पांच गेंदबाजों के साथ मैदान में उतरने की आजादी मिलती है। यह टीम काफी संतुलित और एकीकृत दिखाई दे रही है। हम उम्मीद करते हैं कि बुधवार को जोरदार मुकाबला खेला जाएगा।" भारत और पाकिस्तान की टीमें 28,000 क्षमता वाले स्टेडियम में बुधवार को आमने-सामने होंगी। इस मैच को देखने के लिए दोनों देशों के प्रधानमंत्री भी मोहाली पहुंच रहे हैं। इस सम्बंध में धोनी ने कहा, "राजनीतिक तौर पर दोनों देशों के बीच बीते 40-45 दिनों में क्या-क्या हुआ है, इसकी मुझे जानकारी नहीं लेकिन यह जानकर अच्छा लगा कि दोनों देशों के प्रधानमंत्री यह मैच देखने पहुंचेंगे। क्रिकेट ने हमेशा दोनों देशों के बीच दोस्ती के पुल का काम किया है। मैं उम्मीद करता हूं कि मोहाली का यह मैच एक बार फिर दोनों के बीच दोस्ती के रिश्ते को कायम करने के साथ-साथ उसे बढ़ाएगा भी। यह दोनों देशों के साथ-साथ क्रिकेट के भी हित में होगा।"

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
महेन्द्र सिंह धोनी, महामुकाबला, तैयार, पाकिस्तान
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com