स्कॉटलैंड में चल रहे 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को कुश्ती स्पर्धा से भारत की झोली में पांच पदकों का इजाफा किया। इसके साथ ही कुश्ती में भारत के कुल पदकों की संख्या नौ हो गई, जिसमें तीन स्वर्ण पदक शामिल हैं।
बुधवार को स्कॉटिश एग्जिबिशन कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसईसीसी) में महिला वर्ग से ललिता और साक्षी मलिक तथा पुरुष वर्ग से बजरंग और सत्यव्रत ने अपने-अपने वर्गों के फाइनल में प्रवेश करने में सफलता पाई।
इन चार फाइनल स्पर्धाओं से हालांकि भारत को एक भी स्वर्ण नहीं मिला और एक-एक कर चारों भारतीय पहलवान अपने-अपने फाइनल मुकाबले हारकर रजत पदक पा सके। महिला वर्ग से नवजोत कौर ने एक कांस्य पदक भी हासिल कर बुधवार को भारत को पांचवां पदक दिलाया।
महिला वर्ग की लाइट स्पर्धा के 57-60 किलोग्राम भारवर्ग के कांस्य के लिए हुए मुकाबले में नवजोत ने स्कॉटलैंड की सारा जोंस को मात देकर कांस्य पर कब्जा जमाया।
इससे पहले सत्यव्रत काडियान कनाडा के प्रतिद्वंद्वी ए गिल के खिलाफ फाइनल मुकाबला हार गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। सत्यव्रत ने गिल को कड़ी टक्कर दी, और पहले पीरियड में गिल को एक भी अंक दिए बगैर दो अंक हासिल कर बढ़त ले ली। लेकिन दूसरे पीरियड में गिल ने गजब की फूर्ति दिखाई और पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जीत हासिल कर ली।
बजरंग ने बुधवार को भारत को दूसरा पदक दिलाया। बजरंग पुरुष वर्ग की फ्री स्टाइल स्पर्धा के 61 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में कनाडा के डेविड ट्रेम्ब्ले से हार गए और उन्हें भी रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
कुश्ती में भारत को दिन का पहला पदक ललिता ने दिलाया। ललिता नाइजीरियाई प्रतिद्वंद्वी ओ एडेकुओरोय से महिला फ्री स्टाइल स्पर्धा के 53 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में हार गईं। एडेकुओरोय ने साफ-साफ पटखनी देते हुए ललिता को मात देकर स्वर्ण पर कब्जा जमाया।
ललिता अपनी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ एक भी अंक हासिल नहीं कर सकीं और उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा।
इससे पहले ओलिम्पिक पदक विजेता सुशील कुमार की अगुवाई में भारत ने मंगलवार को तीन स्वर्ण सहित चार पदक हासिल किए थे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं