कैंडीडेट्स शतरंज टूर्नामेंट के नौवें दौर में हुई दो पूर्व विश्व चैम्पियनों की जंग में बुल्गारियाई खिलाड़ी वेसेलिन टोपालोव (Veselin Topalov) को पराजित कर भारतीय विश्वनाथन आनंद (Viswanathan Anand) अंकतालिका में फिर अकेले शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं, क्योंकि उनके साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे आर्मेनियाई खिलाड़ी लेवॉन अरोनियन (Levon Aronian) ने अज़रबैजान के शखरियार मामेदयारोव (Shakhriyar Mamedyarov) के खिलाफ अपना मैच गंवा दिया।
इस बीच, इसी दौर में रूस के व्लादिमिर क्रैमनिक (Vladimir Kramnik) को यूक्रेन में पैदा हुए हमवतन खिलाड़ी सर्गेई कार्जकिन (Sergey Karjakin) के हाथों हार झेलनी पड़ी, और यह टूर्नामेंट के दौरान कार्जकिन की लगातार दूसरी जीत है। एक अन्य मुकाबले में दो और रूसी खिलाड़ियों दिमित्री आंद्रेकिन (Dmitry Andreikin) और पीटर स्विडलर (Peter Svidler) के बीच बाजी ड्रॉ रही।
कैंडीडेट्स शतरंज टूर्नामेंट के अभी पांच दौर खेले जाने बाकी हैं, और अब विश्वनाथन आनंद के पास अंक तालिका में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी लेवॉन अरोनियन के खिलाफ पूरे एक अंक की बढ़त आ गई है। दरअसल, वेसेलिन टोपालोव के खिलाफ कड़ी मशक्कत के बाद मिली जीत पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद के लिए काफी अहम रही, क्योंकि इससे उनके कुल अंक छह हो गए।
उधर, अपने मैच में हार के बाद लेवॉन अरोनियन के कुल अंक पांच ही रह गए हैं। तालिका में संयुक्त तीसरे स्थान पर सर्गेई कार्जकिन, शखरियार मामेदयारोव और व्लादिमिर क्रैमनिक साढ़े चार अंकों के साथ मौजूद हैं। चार-चार अंकों के साथ संयुक्त छठे स्थान पर तालिका में दिमित्री आंद्रेकिन और पीटर स्विडलर आ गए हैं, जबकि वेसेलिन टोपालोव कुल साढ़े तीन अंकों के साथ अंतिम स्थान पर हैं।
सोमवार का दिन विश्राम के लिए तय किया गया है, और अब बाकी के पांच दौर मंगलवार से शुरू होंगे। इस टूर्नामेंट में अब आनंद को बाकी के पांच दौर में से तीन बाजियां सफेद मोहरों से खेलनी हैं, और यदि आनंद यह टूर्नामेंट जीत जाते हैं तो हालिया कुछ समय में यह शतरंज के इतिहास में सबसे बड़ी वापसी होगी।
रविवार को हुए मैच में आनंद ने वेसेलिन टोपालोव के विरुद्ध सफेद मोहरो से खेलते हुए महत्वपूर्ण मौकों पर अपना पलड़ा भारी रखा, और टोपालोव की गलतियों का पूरा फायदा उठाते हुए जीत दर्ज की। इस टूर्नामेंट में बढ़त लेने के साथ ही तमाम आलोचनाओं के बाद शानदार वापसी करने वाले विश्वनाथन आनंद अब इस साल के अंत में होने वाली अगली विश्व चैम्पियनशिप में नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन (Magnus Carlsen) को चुनौती दे सकते हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं