नार्थम्पटन के युवा तेज गेंदबाज डेव बटरेन को भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के विकेट के रूप में मानों कोई नियामत मिल गई...
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नार्थम्पटन:
नार्थम्पटन के युवा तेज गेंदबाज डेव बटरेन को भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के विकेट के रूप में मानों कोई नियामत मिल गई और उन्हें उम्मीद है कि अगले सप्ताह एजबस्टन में होने वाले तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को इससे मदद मिलेगी। बटरेन ने कहा, सहवाग को सस्ते में आउट करने का फायदा मिलेगा। इंग्लैंड को नए फुटेज देखने को मिलेंगे। उन्हें यह देखने को मिलेगा कि क्या स्विंग गेंदबाजी से उसे आउट किया जा सकता है। सहवाग (9) बटरेन की स्विंग लेती गेंद पर तीन बार बीट हुए। उन्होंने कहा, मैंने उन्हें कई बार देखा। सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, महेंद्र सिंह धोनी को खेलते देखकर मैं बड़ा हुआ हूं। उन तीन आउटस्विंगर को मैंने क्रीज से बाहर फेंका था। सहवाग ऑफस्टम्प से बाहर जाती गेंदों पर जगह छोड़कर खेलते हैं। बटरेन ने कहा, जिस गेंद पर मुझे विकेट मिला वह सीधी डाली थी। उनका फ्रंटफुट उसकी जद में आ गया। बटरेन ने पांच सत्र में सिर्फ पांच प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। ल्यूक इवांस के साथ उन्होंने नई गेंद संभाली। इवांस ने धोनी (2) और सुरेश रैना (33) को पैवेलियन भेजा। इवांस ने कहा, मैं अभी तक इन विकेटों की खुशी के खुमार में नहीं डूबा हूं। ये खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं और अचानक सिर्फ 22 गज की दूरी पर हैं। मैं अपने जज्बात पर नियंत्रण रखकर गेंदबाजी कर रहा था। अच्छी गेंद पर किसी का भी विकेट मिल सकता है। उन्होंने कहा, धोनी जिस गेंद पर आउट हुए, वह उछाल ले रही थी। इस तरह की गेंदों के लिए आप काफी अभ्यास करते हैं। इवांस का हालांकि मानना है कि बाकी दो टेस्ट में भारत, इंग्लैंड को कड़ी चुनौती दे सकता है। उन्होंने कहा, एक टीम के रूप में भारत काफी संतुलित, दृढ और व्यवस्थित है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, डेव बटरने, वीरेंद्र सहवाग, अभ्यास मैच, इंग्लैंड, भारत