मुर्तजा को भरोसा है कि उनकी टीम एक बार फिर उस कारनामे को दोहरा सकती है, जो उसने 2007 के विश्व कप में भारत पर जीत हासिल कर किया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
ढाका:
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज और चोट की वजह से विश्व कप से बाहर होने वाले मशरफे मुर्तजा को भरोसा है कि उनकी टीम इस विश्व कप में एक बार फिर उस कारनामे को दोहरा सकती है, जो उसने वर्ष 2007 के विश्व कप के दौरान भारत पर रोमांचक जीत हासिल कर किया था। मुर्तजा ने हालांकि इस बात को भी स्वीकार किया कि 19 फरवरी से 2 अप्रैल तक चलने वाले विश्व कप में भारत खिताबी जीत का प्रमुख दावेदार है। उन्होंने श्रीलंका को विश्व कप का दूसरी सबसे मजबूत टीम करार दिया। मुर्तजा ने बातचीत के दौरान कहा, "हम चार साल पहले कैरिबयाई द्वीप में भारत को हरा चुके हैं। बाद में हमने दक्षिण अफ्रीका को भी पराजित किया था। यदि हम 2007 में ऐसा कर सकते हैं तो अभी क्यों नहीं। हमें उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए।" मुर्तजा ने दावा किया कि वह बिल्कुल फिट थे लेकिन बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड इससे असहमत था और विश्व कप के लिए उनका चयन नहीं किया। मुर्तजा ने कहा, "हम एक बार में एक ही कदम उठाते हैं और प्रत्येक मैच को फाइनल की तरह लेते हैं। हम अभी क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने तक ही ध्यान दे रहे हैं। हमारे पास अपने दिन किसी भी टीम को हराने की क्षमता है। हम अपनी क्षमता को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के खिलाफ क्यों नहीं भुना सकते।" गौरतलब है कि पिछले विश्व कप के दौरान बांग्लादेश ने भारत को पांच विकेट से हराकर सुपर-आठ में प्रवेश किया था और बाद में टूर्नामेंट में बाहर होने से पहले इस टीम ने दक्षिण अफ्रीकी टीम को भी धूल चटाई थी। विश्व कप में बांग्लादेश को ग्रुप 'बी' में रखा गया है। इस ग्रुप में इंग्लैंड, भारत, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड्स की टीमें हैं। इनमें से चार शीर्ष टीमें क्वोर्टरफाइनल में प्रवेश करेंगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
बांग्लादेश, जीत, भारत, हासिल