विज्ञापन
This Article is From Dec 22, 2015

बहुत बढ़िया ग्रुप, इससे अच्छा फार्मेट नहीं मिल सकता था ओलिंपिक्स के लिए : धनराज पिल्लै

बहुत बढ़िया ग्रुप, इससे अच्छा फार्मेट नहीं मिल सकता था ओलिंपिक्स के लिए : धनराज पिल्लै
धनराज पिल्लै (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: पूर्व भारतीय दिग्गज धनराज पिल्लै को भारतीय हॉकी टीम से बड़ी उम्मीदें हैं। वे टीम हॉकी इंडिया के हाल के प्रदर्शन से बेहद खुश नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि भारतीय टीम ने वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल्स में अच्छा प्रदर्शन किया। 12 टीमों को जिस तरह से बांटा गया है वह भारतीय टीम के लिए अच्छा संकेत है।

धनराज कहते हैं, "इस बार बहुत बढ़िया पूल (ग्रुप) बना है। जब हम खेलते थे तो कम से कम तीन बेहद ताकतवर टीमें हमारे ग्रुप में होती थीं। इस बार आयरलैंड और कनाडा जैसी टीमें हैं। भारत के लिए क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने का अच्छा मौका है।"

भारतीय हॉकी के सुपरस्टार धनराज यह भी कहते हैं कि वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल्स के शुरुआत में भारतीय टीम हार गई थी। वे कहते हैं कि भारतीय टीम को कंसिस्टेंसी बरकरार रखनी होगी। वैसी टीम के डच कोच रोलैंट ऑल्टमैन्स इसका इशारा टूर्नामेंट के दौरान ही कर चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय मैचों में करीब 170 गोल करने वाले और चार ओलिंपिक्स, चार चैंपियंस ट्रॉफी के साथ चार एशियाड में हिस्सा लेने वाले 47 साल के धनराज कहते हैं कि खिलाड़ियों को लगातार कड़ी मेहनत करनी होगी। वे कहते हैं,"खिलाड़ी जितनी मेहनत करेंगे उनके लिए रियो की चुनौती उतनी ही आसान साबित होगी।"

रियो ओलिंपिक्स के लिए भारतीय हॉकी टीम को ग्रुप-B में जर्मनी, हॉलैंड, अर्जेन्टीना, आयरलैंड और कनाडा के साथ रखा गया है। नए फार्मेट के मुताबिक भारत को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने के लिए सिर्फ आयरलैंड और कनाडा जैसी मामूली टीमों को हराना होगा। उसके बाद से नॉक स्तर के मैच शुरू हो जाएंगे।

भारतीय महिला टीम 1980 के बाद पहली बार ओलिंपिक्स में अपना दम दिखाएगी और उसकी हर जीत फ़ैन्स के लिए बोनस साबित हो सकती है।  

पुरुष टीम:
ग्रुप B:
भारत (वर्ल्ड रैंकिंग 7), जर्मनी (लंदन ओलिंपिक चैंपियन और वर्ल्ड नंबर 3), हॉलैंड (लंदन ओलिंपिक रजत पदक विजेता और वर्ल्ड नंबर 2), अर्जेन्टीना (6), आयरलैंड (12) और कनाडा (14)।

ग्रुप A: ऑस्ट्रेलिया (1), ग्रेट ब्रिटेन (4), बेल्जियम (5), न्यूज़ीलैंड (8), स्पेन (11) और ब्राज़ील (32)।

महिला टीम:
ग्रुप B:
भारत (13), अर्जेन्टीना (2), ऑस्ट्रेलिया (3), ग्रेट ब्रिटेन (6), यूएसए (7) और जापान (10)।

ग्रुप A: हॉलैंड (ओलिंपिक चैंपियन और वर्ल्ड नंबर 1), न्यूज़ीलैंड (4), चीन (5), जर्मनी (8), द.कोरिया (9), स्पेन (14)।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
धनराज पिल्लै, हॉकी, ओलिंपिक्स, वर्ल्ड हॉकी लीग, रियो 2016, Indian Hockey Team, Dhanraj Pillai, Reo Olympics, World Hockey League, Hockey
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com