एशियाई खेलों में भारतीय फुटबॉल टीम हिस्सा लेगी या नहीं, इस पर सरकार ने अभी कोई आखिरी फैसला नहीं लिया है। ऐसे में भारत की महिला और पुरुष टीम फिलहाल चीन में ही है। यह टीमें एशियाई खेलों से पहले अभ्यास के लिए चीन गईं थी।
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के सूत्रों ने बताया है, "दोनों टीमें शंघाई में हैं और सरकार के फैसले का इंतजार कर रही हैं। इन्हें पूर्व कार्यक्रम के अनुसार वहीं से मंगलवार को इंचियोन के लिए रवाना होना है।"
सूत्रों के अनुसार, "हमारी युवा टीम के लिए यह बेहद खराब अनुभव है। हमारी टीम विदेशी जमीन पर फैसले का इंतजार कर रही है। इससे भारतीय फुटबॉल की छवि भी खराब होती है।"
एआईएफएफ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल पिछले हफ्ते फुटबॉल टीमों को एशियाई खेल में हिस्सा लेने की इजाजत दिलाने की कोशिश के तहत खेल मंत्री सर्बानंदा सोनोवाल से मिले थे। एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर को बीच दक्षिण कोरिया के इंचियोन में आयोजित होना है।
सोनोवाल को सलाह दी गई है कि वह पांच खेलों की टीमों को एशियाई खेलों में हिस्सा लेने की इजाजत न दें। इसमें फुटबॉल भी शामिल है।
फुटबॉल के अलावा बास्केटबॉल, हैंडबॉल, टेबल टेनिस और सेपाक टॉकरा को भी इस सूची से बाहर किया जा सकता है, अगर सोनोवाल अपने मंत्रालय के आदेश का पालन करें।
भारतीय ओलिंपिक संघ (आईओए) ने एशियाई खेलों के लिए मंत्रालय को 935 एथलीटों और अधिकारियों की सूची भेजी थी।
इससे पहले 2010 क्वांगचो एशियाई खेलों में भारत की ओर से 625 प्रतिनिधि भेजे गए और सरकार चाहती थी यह संख्या इस बार 700 के आसपास रहे।
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), भारतीय फुटबॉल टीम (पुरुष) के प्रदर्शन से खुश नहीं है।
भारतीय टीम (अंडर-23) को हाल ही में पाकिस्तान से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। पिछले 55 सालों में भारत की जमीन पर पाकिस्तान से मिली यह पहली हार थी। भारतीय पुरुष टीम इस समय एशिया में रैंकिंग में 26वें जबकि महिला टीम 11वें स्थान पर है।
एशियाई खेल 1951, 1952 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष टीम विश्व में इस समय 150वें पायदान पर है।
वैसे, एआईएफएफ अगर चाहे तो 1.15 करोड़ के खर्च पर अंडर-23 पुरुष और महिला टीम को एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए भेज सकती है। हालांकि माना जा रहा है कि सरकार को इस फैसले से भी खुश नहीं होगी। सरकार का मानना है कि वह भारत का प्रतिनिधित्व नहीं करेंगे।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं