विज्ञापन
This Article is From Jul 26, 2014

राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : भारतीय निशानेबाजों का रहा दिन, दो स्वर्ण, तीन रजत पर किया कब्जा

राष्ट्रमंडल खेल (निशानेबाजी) : भारतीय निशानेबाजों का रहा दिन, दो स्वर्ण, तीन रजत पर किया कब्जा
ग्लास्गो:

राष्ट्रमंडल खेलों के 20वें संस्करण के तीसरे दिन शनिवार भारतीय निशानेबाजों ने अपना दबदबा कायम रखते हुए दो स्वर्ण पदक और तीन रजत पदकों पर कब्जा जमाया।

बैरी बडन शूटिंग सेंटर में भारतीय निशानेबाजों की बंदूकें ही गूंजती रहीं। निशानेबाजी में दिन की पहली सफलता प्रकाश नानजप्पा ने दिलाई, जबकि पहला स्वर्ण पदक अपूर्वी चंदेला ने दिलाई। राही सरनाबोत ने भी दिन के आखिरी निशानेबाजी स्पर्धा में सोने पर निशाना लगाकर दिन का स्वर्णिम समापन किया।

इस बीच अनोइका पॉल, प्रकाश नानजप्पा और अनीशा सैयद ने रजत पदक जीतने में सफलता पाई। निशानेबाजी में भारत अब तक कुल सात पदक जीत चुका है।

नानजप्पा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 10 मीटर एअर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। क्वालीफिकेशन में पहला स्थान हासिल करने वाले प्रकाश ने फाइनल में कुल 198.2 अंक हासिल किए। ऑस्ट्रेलिया के रेपाचोली ने 199.5 अंकों के साथ स्वर्ण जीता जबकि इंग्लैंड के माइकल गाउल्ट ने 176.5 अंकों के साथ कांस्य जीता।

इसके बाद अपूर्वी ने महिला वर्ग के 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक अनोइका ने रजत पदक हासिल किया। अपूर्वी ने 206.7 अंक और अनोइका ने 204.9 अंक हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वियों से कहीं बेहतर साबित हुईं।

दिन का आखिरी निशानेबाजी स्पर्धा महिला वर्ग में 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा रहा, जिसमें फिर से भारतीय महिलाओं ने परचम लहराते हुए पहला और दूसरा स्थान हासिल किया।

राही ने बैरी बडन शूटिंग सेंटर में स्वर्ण के लिए अपनी हमवतन अनीशा से स्पर्धा करते हुए आठ अंक हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, जबकि दो अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर रहीं अनीशा को रजत पदक मिला। ऑस्ट्रेलिया की ललिता याउल्यूशक्या को कांस्य पदक मिला।

अभिनव बिंद्रा और मलायका गोयल ने शुक्रवार को क्रमश: स्वर्ण और रजत पर निशाना लगाया था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
अपूर्वी चंदेला, राष्ट्रमंडल खेल 2014, निशानेबाजी, अयोनिका पाल, प्रकाश नानजप्पा, Apurvi Chandela, Commonwealth Games 2014, Shooting, Ayonika Pal, Prakash Nanjappa
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com