विज्ञापन

Muzaffarpur Girl Murder Case: प्यार नहीं, ब्लैकमेलिंग की सनक थी वजह! अश्लील वीडियो के जाल में फंसी निशा की मंदिर के पास हत्या

Nisha Kumari Murder Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में सरेआम युवती की हत्या से हड़कंप मच गया है. पुलिस ने आरोपी राहुल की पहचान तो कर ली है, लेकिन जिस अश्लील वीडियो को लेकर ब्लैकमेलिंग का खेल चल रहा था, उसने पूरी मर्डर मिस्ट्री को घुमा दिया है.

Muzaffarpur Girl Murder Case: प्यार नहीं, ब्लैकमेलिंग की सनक थी वजह! अश्लील वीडियो के जाल में फंसी निशा की मंदिर के पास हत्या
मुजफ्फरपुर निशा कुमारी हत्याकांड: आरोपी राहुल यादव ने क्यों मारी गोली? अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग का खुलासा
NDTV Reporter

Bihar Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के सदर थाना इलाके में सोमवार की शाम को सरेआम एक युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. भगवानपुर सब्जी मंडी के पास बने हनुमान मंदिर के सामने इस वारदात को अंजाम दिया गया. शुरुआत में तो यह मामला सिर्फ मर्डर का लग रहा था, लेकिन जैसे ही पुलिस ने गहराई से छानबीन शुरू की, इस हत्याकांड में एक बेहद गंभीर मोड़ सामने आ गया.

अश्लील वीडियो और ब्लैकमेलिंग का जाल

पुलिस की जांच में जो बात निकलकर आई है, वो रोंगटे खड़े कर देने वाली है. टाउन-2 की एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने खुलासा किया है कि आरोपी राहुल यादव, मृतका निशा कुमारी को एक अश्लील वीडियो के जरिए लंबे समय से टॉर्चर कर रहा था. आरोपी धमकी दे रहा था कि अगर निशा ने उसकी बात नहीं मानी, तो वह उस वीडियो को इंटरनेट पर वायरल कर देगा. इसी ब्लैकमेलिंग के जाल से निकलने और राहुल को समझाने के लिए निशा सोमवार को उससे मिलने मंदिर पहुंची थी, लेकिन राहुल ने उसके सिर में गोली मारकर हत्या कर दी.

मंदिर के CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

यह पूरी वारदात मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि राहुल और निशा करीब 2 घंटे तक वहां मौजूद थे. दोनों अलग-अलग जगह बैठकर काफी देर तक बातचीत करते रहे, लेकिन इसी बीच अचानक बहस बढ़ गई. गुस्से में पागल राहुल ने अचानक पिस्तौल निकाली और निशा पर गोली चला दी. निशा की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी हथियार लहराते हुए वहां से फरार हो गया. पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर कातिल की तलाश में जुटी है.

सपनों के शहर में मिल गई मौत

निशा कुमारी मूल रूप से पूर्वी चंपारण के केसरिया की रहने वाली थी. वह मुजफ्फरपुर के एक नामी कॉलेज में पढ़ाई करने आई थी और अपनी बड़ी बहन के साथ बीबीगंज में रह रही थी. इसी दौरान उसकी दोस्ती सकरा के रहने वाले राहुल यादव से हुई. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार और नजदीकियों में बदली, जिसका फायदा उठाकर राहुल ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया. जब निशा ने उससे दूरी बनानी चाही, तो राहुल ने उसे बदनाम करने की धमकी देना शुरू कर दी और आखिर में उसकी जान ले ली.

पुलिस की टीमें कर रही हैं छापेमारी

वारदात की खबर मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और सारे सबूत जुटाए. पुलिस ने बताया कि आरोपी राहुल यादव की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और लोग आरोपी को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें:- दो घंटे साथ मंद‍िर के पास घूमा, गुटखा खाया... फिर प्रेम‍िका के स‍िर में मार दी गोली

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Muzaffarpur Girl Murder Case, Nisha Kumari Murder Muzaffarpur, Rahul Yadav Sakra Muzaffarpur, Bhagwanpur Mandir Shooting CCTV, Muzaffarpur Police SDPO Vinita Sinha
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com