विज्ञापन
This Article is From Dec 18, 2019

जनवरी में हो सकता है कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, येदियुरप्पा ने दिये संकेत

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार को संकेत दिया कि बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल का विस्तार अगले साल जनवरी में हो सकता है और वह इस बारे में भाजपा आला कमान से चर्चा करने के लिए इस महीने के आखिरी में दिल्ली जाएंगे.

जनवरी में हो सकता है कर्नाटक मंत्रिमंडल का विस्तार, येदियुरप्पा ने दिये संकेत
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा (फाइल फोटो)
बेंगलुरु:

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बुधवार को संकेत दिया कि बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल का विस्तार अगले साल जनवरी में हो सकता है और वह इस बारे में भाजपा आला कमान से चर्चा करने के लिए इस महीने के आखिरी में दिल्ली जाएंगे. येदियुरप्पा ने हाल में संकेत दिया था कि मंत्रिमंडल का विस्तार 20-22 दिसंबर के बाद हो सकता है. मुख्यमंत्री ने हुबली में पत्रकारों से कहा, ‘इस महीने के अंत तक मैं हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष (अमित शाह) और प्रधानमंत्री (नरेंद्र मोदी) से मिलने के लिए दिल्ली जाऊंगा. वापस आने के बाद, जिन्होंने हमारी पार्टी का समर्थन किया है और चुनाव लड़कर जीत हासिल की है उन्हें मंत्री बनाया जाएगा, जैसा कि उनसे वादा किया गया था.'

बहरहाल, भाजपा के अंदर यह चर्चा है कि मंत्रिमंडल का विस्तार और आगे बढ़ाया जा सकता है, क्योंकि ‘धनुरमास' 16 दिसंबर से शुरु हो रहा है और जनवरी के तीसरे हफ्ते में ‘मकर संक्राति' के साथ खत्म होगा.अपनी सरकार के स्थिर होने और कार्यकाल पूरा करने का भरोसा जताते हुए येदियुरप्पा ने कहा, ‘हाल के (उप) चुनाव में हमने 12 सीटें जीतीं हैं. हमें बिना किसी रूकावट के अन्य साढ़े तीन साल लोगों के लिए अच्छा काम करने का मौका मिला है.' उन्होंने कहा, ‘हम अगले छह-आठ महीनों में ऐसा बदलाव लाएंगे जो दिखेगा.'हाल में 15 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को 12 सीटें मिली हैं. इसी के साथ विधानसभा में भाजपा को बहुमत मिल गया.  

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com