Khelo India Tribal Games 2026: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का समापन कर्नाटक की शानदार जीत के साथ हुआ. पहले दिन से ही पदक तालिका में मजबूत बढ़त बनाने वाले कर्नाटक ने आखिर तक अपनी बढ़त कायम रखी और ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. मेजबान छत्तीसगढ़ ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन उसे नौवें स्थान से संतोष करना पड़ा. इस पहले संस्करण ने देशभर की जनजातीय खेल प्रतिभा को एक बड़ा मंच दिया और कई उभरते खिलाड़ियों ने अपनी छाप छोड़ी.
कर्नाटक बना ओवरऑल चैंपियन
कर्नाटक ने कुल 23 स्वर्ण, 8 रजत और 7 कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल किया. तैराकी में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए राज्य ने अकेले इस खेल में 15 स्वर्ण पदक अपने नाम किए. इसके अलावा एथलेटिक्स में 5 और कुश्ती में 3 स्वर्ण जीतकर कर्नाटक ने ओडिशा और झारखंड को खुद से आगे नहीं निकलने दिया.
ओडिशा और झारखंड रहे कड़ी टक्कर में
ओडिशा ने 21 स्वर्ण, 15 रजत और 21 कांस्य पदकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. खास बात यह रही कि ओडिशा सभी छह प्रतियोगी खेलों में कम से कम एक स्वर्ण पदक जीतने वाला एकमात्र राज्य रहा. झारखंड ने 16 स्वर्ण, 8 रजत और 11 कांस्य पदक जीतकर तीसरा स्थान पाया और एथलेटिक्स, कुश्ती व तीरंदाजी में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई.
मेजबान छत्तीसगढ़ का सम्मानजनक प्रदर्शन
मेजबान छत्तीसगढ़ ने कुल 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदक जीतकर नौवां स्थान हासिल किया. राज्य की जनजातीय खेल प्रतिभा ने कई मौकों पर दर्शकों को प्रभावित किया. छत्तीसगढ़ को आख़िरी दिन पुरुष फुटबॉल में रजत पदक मिला, जहां फाइनल मुकाबले में उसे पश्चिम बंगाल से 0-1 की हार का सामना करना पड़ा.

फुटबॉल में पश्चिम बंगाल का दबदबा
पुरुष फुटबॉल का स्वर्ण पदक पश्चिम बंगाल के नाम रहा. फाइनल मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने मेजबान छत्तीसगढ़ को 1-0 से हराकर खिताब अपने कब्जे में किया. यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा और आख़िरी समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली.
तीरंदाजी में झारखंड और ओडिशा की चमक
अंतिम दिन तीरंदाजी में चार स्वर्ण पदक दांव पर थे. झारखंड की पूर्व विश्व जूनियर चैंपियन कोमालिका बारी ने महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता. वहीं ओडिशा के अर्जुन खारा ने पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग में अपने ही राज्य के सोमनाथ हेम्ब्रम को हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया. पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में झारखंड ने ओडिशा को 6-4 से हराकर स्वर्ण अपने नाम किया.
नागालैंड ने भी किया सराहनीय प्रदर्शन
नागालैंड ने महिला रिकर्व टीम फाइनल में झारखंड को हराकर स्वर्ण पदक जीता. इसके साथ ही नागालैंड ने कुल 2 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर 14वां स्थान हासिल किया, जो राज्य के लिए एक सराहनीय उपलब्धि रही.
स्टार खिलाड़ी रहे चर्चा में
कर्नाटक के मणिकांत एल 8 स्वर्ण और 1 रजत पदक के साथ खेलों के सबसे सफल खिलाड़ी रहे. उनके साथी धोनिश एन ने तैराकी में 5 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीते. महिला वर्ग में ओडिशा की अंजलि मुंडा ने 5 स्वर्ण पदक जीतकर सबका ध्यान खींचा, जबकि कर्नाटक की मेघांजलि ने 4 स्वर्ण और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए.
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की बड़ी तस्वीर
इस उद्घाटन संस्करण में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 3,800 खिलाड़ियों ने नौ खेल विधाओं में हिस्सा लिया. कुल 106 स्वर्ण पदक विभिन्न खेलों में दिए गए. 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने पदक तालिका में जगह बनाई, जिनमें से 20 ने कम से कम एक स्वर्ण पदक जीता. यह आंकड़े साफ तौर पर दिखाते हैं कि देश के कोने-कोने में जनजातीय खेल प्रतिभा मौजूद है और ऐसे आयोजन उसे पहचान दिलाने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं