बेंगलुरु के अवलाहल्ली थानाक्षेत्र में 11 महीने के मासूम की मौत के मामले में नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है. इस मामले में बेंगलुरु पुलिस ने बच्चे के माता-पिता पर हत्या का केस दर्ज किया है. पोस्टमार्टम और उसके बाद हुई जांच में पुलिस को ऐसे सबूत मिले हैं, जो घटना के बारे में बच्चे के माता-पिता के बताए गए शुरुआती बयानों से मेल नहीं खाते. पुलिस ने इस मामले में बच्चे के पिता और मां के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी मां फरार है.
किटागनूर गांव में 9 जून को 11 महीने की रेणुका की मौत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. पुलिस के मुताबिक, बच्चे के पिता शेकप्पा ने शुरू में पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी विजयलक्ष्मी बच्चे को दूध पिलाते समय सो गई थीं, जिससे बच्चा बिस्तर से नीचे गिर गया. बच्चे को तुरंत ईस्ट पॉइंट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत की रिपोर्ट (UDR) दर्ज की और मामले की जांच शुरू की.
चेहरे, छाती और प्राइवेट पार्ट्स पर लगी थीं चोटें
हालांकि, जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम और जांच में पता चला कि बच्चे के शरीर पर कई चोटों लगी थीं. मासूम के चेहरे, छाती, पैरों और प्राइवेट पार्ट्स पर चोटें लगी थीं. जांच में ये भी सामने आया कि बिस्तर की ऊंचाई सिर्फ दो फीट के आसपास थी, जिसके बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि इतनी ऊंचाई से गिरने पर बच्चे को ऐसी चोटें नहीं आ सकती थीं.
मां ने मारी लात, पिता ने उठाकर जमीन पर पटका
पुलिस ने आगे बताया कि गवाहों के बयानों से पता चला है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. गवाहों ने यह भी दावा किया कि विजयलक्ष्मी का एक पड़ोसी के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर था और वह अपने छोटे बच्चे से प्यार नहीं करती थी. जांच के मुताबिक, 9 जून की दोपहर को जब शेकप्पा लंच के लिए घर लौटा, तो उसका पत्नी से झगड़ा हो गया. पुलिस का दावा है कि झगड़े के दौरान विजयलक्ष्मी ने रोते हुए बच्चे को लात मारी और शेकप्पा ने गुस्से में आकर बच्चे को उठाया और जोर से जमीन पर पटक दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ बच्चे की मौत के कारण का खुलासा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 22 जून को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकला कि बच्चे की मौत कई अंदरूनी चोटों के कारण अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव और सांस लेने में आई दिक्कतों की वजह से हुई. इसके बाद पुलिस ने बच्चे के पिता शेकप्पा और मां विजयलक्ष्मी के खिलाफ हत्या के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की आगे जांच चल रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं