मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के बहुचर्चित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर 'बाबा बागेश्वर' धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री इन दिनों राजस्थान के दौरे पर हैं. प्रदेश में पहली बार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पुष्कर में 23 से 25 फरवरी तक बागेश्वर धाम के महंत की भव्य हनुमंत कथा का आयोजन हो रहा है. पुष्कर में उनके प्रवचन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में भक्त और अनुयानी उमड़ रहे हैं. प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को कथा के पहले दिन बाबा से मुलाक़ात की. हालाँकि, व्यस्तता की वजह से उन्हें लगभग ढाई घंटे तक इंतज़ार करना पड़ा. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी बाबा बागेश्वर की कथा में हिस्सा लेंगे. इस बीच बाबा बागेश्वर की कथा के दौरान उनके बयान सुर्खियां बटोर रही हैं. इनमें एक बयान एपस्टीन फाइल के बारे में भी है जिसकी वजह से अमेरिका समेत सारी दुनिया में हलचल मची हुई है.
आज ब्रह्मा जी की पावन धरा, तीर्थ नगरी पुष्कर में बागेश्वर धाम सरकार पूज्य धीरेंद्र शास्त्री जी से आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।@bageshwardham #bageshwardhamsarkar pic.twitter.com/wd0qqo0RiB
— Vasundhara Raje (@VasundharaBJP) February 23, 2026
श्रद्धालुओं की उमड़ रही भीड़
पुष्कर में सोमवार को हनुमंत कथा के समापन के बाद श्रद्धालुओं की मांग पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक निजी होटल के हॉल में विशेष प्रवचन दिया. वहां अपने संबोधन की शुरुआत में ही उन्होंने एपस्टीन फाइल और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चर्चा की. उन्होंने भक्तों से कहा कि जब अमेरिका का राष्ट्रपति ही टेंशन में बताया जा रहा है, तो आम आदमी को बेवजह चिंता पालने की जरूरत नहीं है.
धीरेंद्र शास्त्री ने चिंता के बारे में अपने विचारों को समझाने के लिए ट्रंप के अलावा एलन मस्क का भी उदाहरण दिया और कहा कि अपार संपत्ति होने के बावजूद व्यक्ति चिंताओं से मुक्त नहीं होता.

Photo Credit: @bageshwardham
पुष्कर में प्रवचन सुनने आए श्रद्धालु
'टेंशन लेने नहीं, देने आए हैं'
बाबा ने भक्तों से कहा कि जीवन में संतोष का बड़ा महत्व है और चिंता सब पा लेने से भी खत्म नहीं होती. बाबा ने कहा,"जो मिला है वह कम नहीं है, जो नहीं मिला उसका कोई ग़म नहीं है, और जो मिलेगा वह सिर्फ एक ख्वाब है."
हल्के-फुल्के अंदाज में उन्होंने अपने बारे में कहा, "हम तो गांव के सरपंच भी नहीं हैं, फिर किस बात की टेंशन लें. हम टेंशन लेने नहीं, टेंशन देने आए हैं."
बाबा धीरेंद्र के जीवन के संबंध में उनके विचारों को इस प्रकार से दुनिया के सबसे सफल लोगों से जोड़कर प्रस्तुत करना भक्तों को बहुत दिलचस्प लग रहा है. प्रवचन के दौरान उनकी ऐसी बातें सुनकर मौजूद श्रद्धालु जमकर तालियां बजा रहे हैं.
ये भी पढ़ें-: वसुंधरा ने बाबा बागेश्वर से मिलने के लिए ढाई घंटे तक किया इंतजार, एक घंटे बंद कमरे में हुई चर्चा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं