कांग्रेस नेता सचिन पायलट राजस्थान के वागड़-मेवाड़ में दो दिन दौरे पर रहे. उन्होंने सोमवार (13 जुलाई) को मीडिया से बातचीत में अशोक गहलोत को लेकर जो बयान दिया, उसकी काफी चर्चा हो रही है. बांसवाड़ा के सर्किट हाउस में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि गहलोत के बयान को गांठ बांधकर रख लीजिए, वही सत्य रहेगा. दरअसल, पिछले महीने पूर्व सीएम ने पायलट को लेकर जो कुछ कहा, उसके बाद कांग्रेस की सियासत काफी वक्त तक गरमाई रही. अंदरखाने अभी भी दोनों नेताओं के संबंध को लेकर चर्चाएं तेज हैं. जब बांसवाड़ा में पत्रकारों ने गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया जाननी चाही तो पायलट ने कह दिया कि उनके बयान को गांठ बांधकर रखो.
गहलोत ने कहा था- सचिन पायलट मेरे बेटे की तरह हैं
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन पायलट को लेकर बड़ा बयान दिया था. गहलोत ने कहा था कि सचिन पायलट उनके बेटे की तरह हैं और उनके मन में पायलट के लिए बचपन से ही स्नेह रहा है. गहलोत ने कहा था, "सचिन पायलट को भी यह बात समझनी चाहिए कि हम उनके दुश्मन नहीं हैं. बचपन से ही हमारे मन में उनके लिए स्नेह रहा है. चाहे सचिन हों या मेरा बेटा वैभव, जब हम सांसद थे तब ये दोनों 2-3 साल के बच्चे थे. मैं आज भी उन्हें उसी नजर से देखता हूं."
पायलट बोले- स्टेटमेंट को गांठ बांधकर रखो
जब मीडिया ने सचिन पायलट से अशोक गहलोत के इस बयान को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि आपने उनका स्टेटमेंट रिपीट किया है. उसको गांठ बांधकर रखो. इसके बाद पायलट ने कहा, "उसको लपेटकर रखो. वही अंततः सत्य है, वही रहेगा." सचिन पायलट का यही रिएक्शन चर्चा का विषय बना हुआ है. उनके बयान के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः गैंगस्टर रोहित गोदारा का आलीशान घर ढहाया, पुलिस-प्रशासन ने खड़े किए हाथ, कहा- हमने नहीं गिराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं