राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर NSUI के Gen-Z छात्र नेता जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़ गए. पूरी रात वहीं पर बैठे रहे. अभी तक ऊपर ही बैठे हुए हैं. पुलिस कल से उन्हें समझा रही है, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं. पुलिस के जवार टोंक फाटक ओवर ब्रिज और टंकी के नीचे दोनों जगह तैनात किए गए हैं.
कल से पानी की टंकी पर बैठे हैं छात्रनेता
छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर तीन छात्रनेता कल सुबह पानी की टंकी पर चढ़ गए थे. एनएसयूआई के छात्रनेता वियोना जाट, विजयपाल कुड़ी और कौशिन खान प्रदर्शन कर रहे हैं. टंकी पर चढ़े छात्रों की सुरक्षा में प्रशासन ने सिविल डिफेंस के कार्मिकों को वहां पर तैनात किया है. इसके साथ ही टंकी के आसपास नेट लगाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके.
4 साल से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने राजस्थान में पिछले 4 वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होने का मुद्दा भी उठाया. उनका कहना है कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अहम हिस्सा है, लेकिन लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने राज्य सरकार से जल्द चुनाव कराने की घोषणा की मांग की.
छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए तो वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि मांगों की अनदेखी होने पर वे आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी.
छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग
राज्य में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग लगातार उठ रही है. छात्र संगठनों का कहना है कि लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए नियमित रूप से चुनाव कराए जाने चाहिए. दिल्ली की घटना को लेकर भी देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. फिलहाल टोंक फाटक की पानी की टंकी पर चढ़े तीनों छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं, और प्रशासन उन्हें समझाकर नीचे उतारने की कोशिश कर रहा है.
यह भी पढ़ें: जैसलमेर-कोटा से गुजर रही मॉनसून ट्रफ लाइन, 5-6 अगस्त तक झमाझम बारिश; नया अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं