विज्ञापन

Rajasthan: बारिश के मौसम में दो मकानों की छत पर तेज धमाके के साथ गिरी बिजली, बाल-बाल बचे सो रहे लोग

सवाई माधोपुर के रैगर मोहल्ले के दोनों परिवार के लोगों का घर टूट गया है और उन्हें पूरी रात बाहर गुजारनी पड़ी.

Rajasthan: बारिश के मौसम में दो मकानों की छत पर तेज धमाके के साथ गिरी बिजली, बाल-बाल बचे सो रहे लोग
छत पर खतरनाक तरीके से लटका एक बाथरूम का कमरा
NDTV
  • राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में बिजली गिरने से दो मकानों की छतें गिर गईं
  • घटना देर रात हुई जब परिवार के सदस्य घर के पीछे वाले कमरों में सो रहे थे
  • बिजली गिरने से मकानों की छतें पूरी तरह टूट गईं और सामान मलबे में दब गया

राजस्थान समेत देश के कई हिस्सों में इन दिनों बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं. ऐसी ही एक घटना राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में हुई. वहां के जिला मुख्यालय के पुराने शहर के रैगर मोहल्ले में कल, 4 जून की देर रात आकाशीय बिजली गिरने से दो मकानों की छत गिर गई. हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त परिवार के लोग घर के पिछले कमरों में सो रहे थे, जिससे एक बड़ी जनहानि का नुकसान होने से टल गया.

बिजली गिरने से हुआ धमाका

जानकारी के अनुसार देर रात अचानक मौसम बदला और बादलों की गरज ओर बिजली की चमक के साथ आकाशीय बिजली रैगर मोहल्ला निवासी रमेश चंद रैगर और कल्याणमल  रैगर के मकानों पर आ गिरी. बिजली गिरने का धमाका इतना तेज था कि दोनों मकानों की छतें पल भर में भरभराकर ढह गईं.

रमेश चंद रैगर ने बताया,"हम सब घर के पीछे वाले कमरों में सो रहे थे. अचानक एक भयानक गड़गड़ाहट और मलबा गिरने की आवाज आई. हम तुरंत उठकर बाहर की तरफ भागे ओर देखा कि मकान के आगे के हिस्से की छत पूरी तरह से ढह गई."

बिजली गिरने से टूटे एक मकान की तस्वीर

बिजली गिरने से टूटे एक मकान की तस्वीर
Photo Credit: NDTV

आकाशीय बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर सो रहे परिवारजन चौंककर जागे और बदहवास हालत में घर से बाहर की ओर दौड़े. गनीमत रही कि जिस हिस्से की छतें गिरीं, वहां कोई मौजूद नहीं था. इस वजह से दोनों मकानों में सो रहे परिवारजन मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए.

घर टूटने के बाद परिवार ने रात बाहर बिताई

घर टूटने के बाद परिवार ने रात बाहर बिताई
Photo Credit: NDTV

घर टूटे, मुआवजे की मांग

परिवारजन इस कदर दहशत में आ गए कि उन्हें पूरी रात घर से बाहर खुले में गुजारनी पड़ी. इस प्राकृतिक आपदा के कारण दोनों परिवारों के आशियाने पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं. घर की छतें गिरने से अंदर रखा घरेलू सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया है.

सुबह होते ही आस-पास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और प्रभावित परिवारों को ढाढस बंधाया. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

ये भी पढ़ें-: राजस्थान में कब आएगा मानसून, बारिश कम होगी या ज्यादा? जान लें अपने हर सवाल का जवाब

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com