- कालिंदी कुंज पर दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच ट्रैफिक जाम को कम करने के लिए दो लूप फ्लाईओवर बनाए जाएंगे
- यह प्रोजेक्ट एम्स फ्लाईओवर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा, 6 लाख से ज्यादा वाहनों को होगा फायदा
- फ्लाईओवर की डीपीआर मंजूर, 350 करोड़ रुपये से ज्यादा की आएगी लागत
दिल्ली-नोएडा के बीच कालिंदी कुंज पर रोजाना घंटों के जाम से जूझने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है. कालिंदी कुंज का जल्द ही कायाकल्प होने जा रहा है. NHAI यहां एम्स फ्लाईओवर जैसा खास तरीका फॉर्मूला खोज कर लाया है. जल्द ही यहां दो लूप बनाए जाएंगे. इसके जरिए दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के 6 लाख से ज्यादा वाहन बिना ट्रैफिक में फंसे गुजर पाएंगे. इस फ्लाईओवर प्रोजेक्ट की DPR को मंजूरी भी मिल गई है. आखिर यह पूरा प्रोजेक्ट क्या है? आइए बताते हैं.
क्या है दो फ्लाईओवर का दो लूप वाला प्लान?
NHAI कालिंदी कुंज पर जाम से राहत दिलाने के लिए दो लूप वाला फ्लाईओवर बना रहा है. यह लूप AIIMS फ्लाईओवर की तरह ही बनेंगे.
पहला लूप: कालिंदी कुंज पुल पर नोएड की तरफ से आने वाले वाहन बिना किसी सिग्नल पर रुके सीधे फरीदाबाद और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर जा सकेंगे.
दूसरा लूप: फरीदाबाद और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ से आने वाला ट्रैफिक बिना रुके सीधे ओखला बैराज रोड होते हुए नोएडा में एंट्री कर सकेगा.
350 करोड़ रुपये से तैयार होगा फ्लाईओवर
कालिंदी कुंज पर बन रहे इस फ्लाईओवर के पर 350 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट की DPR तैयार हो चुकी है. फिलहाल दिल्ली और नोएडा ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. तकनीकी अड़चनों को दूर कर जल्द ही जमीन पर काम शुरू किया जाएगा.
लोगों को क्या होगा फायदा?
- फिलहाल जाम की वजह से इस चौराहे को पार करने में जो 1 से 1.5 घंटे का समय लगता है, वह घटकर महज कुछ मिनट रह जाएगा.
- यात्रियों के सफर में रोजाना 40 से 45 मिनट की सीधी बचत होगी.
- इस प्रोजेक्ट से तीन राज्य दिल्ली, यूपी और हरियाणा के लोगों को फायदा होगा.
- दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच रोजाना सफर करने वाले करीब 6 लाख वाहनों को जाम से मुक्ति मिलेगी.
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के खुलने के बाद इस रूट पर गाड़ियों का दबाव बहुत बढ़ गया था, जिसे यह नए फ्लाईओवर आसानी से संभाल सकेंगे.
बीजेपी सांसद ने दी जानकारी
इस प्रोजेक्ट की जानकारी खुद दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर बिधूड़ी ने दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि दक्षिण दिल्ली में कालिंदी कुंज चौक को पूरी तरह से सिग्नल फ्री करने के लिए एम्स फ्लाई ओवर की तर्ज पर दो लूप फ्लाई ओवर बनाने का फैसला किया गया है. इस चौराहे के सिग्नल फ्री होने से जाम से मिलेगी मुक्ति मिलेगी. नोएडा, फरीदाबाद, बदरपुर बॉर्डर, शाहीन बाग, जसोला और मध्य दिल्ली की तरफ आना आसान होगा. 350 करोड़ रुपये की इस परियोजना पर जल्दी ही काम शुरू होगा.
यह भी पढ़ें: तैयार हो गया DND एक्सप्रेसवे, इसी महीने हो सकता है शुरू, दिल्ली-नोएडा से लेकर फरीदाबाद-गुरुग्राम तक का सफर होगा आसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं