विज्ञापन

'CJP को इसलिए भगाया' बोले शिक्षा मंत्री दिलावर, गृह मंत्री बेढम ने कहा - 'मास्क लगाकर कांग्रेसी कर रहे हंगामा'

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने जयपुर के एक गांव में सीजेपी के कार्यकर्ताओं के विरोध को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

'CJP को इसलिए भगाया' बोले शिक्षा मंत्री दिलावर, गृह मंत्री बेढम ने कहा - 'मास्क लगाकर कांग्रेसी कर रहे हंगामा'
जवाहर सिंह बेढम और मदन दिलावर
@madandilawar

राजस्थान में पिछले कुछ समय से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) स्कूलों की दशा को लेकर आंदोलन कर रही है. पार्टी कार्यकर्ता स्कूलों में जाकर वीडियो बना रहे हैं और स्कूलों की स्थिति को लेकर सरकार से सवाल पूछ रहे हैं. लेकिन, आज जयपुर में सीजेपी कार्यकर्ताओं के स्कूलों का दौरा करने का विरोध किया गया. बगरू इलाके में स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल में सीजेपी के कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही ग्रामीणों ने उनका विरोध किया और हाथापाई भी की. सीजेपी के सह-संस्थापक आशुतोष रांका की अगुआई में स्कूल जा रहे पार्टी सदस्यों पर हमले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है. सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि हमला करनेवाले बीजेपी के लोग थे. अब इसे लेकर राजस्थान सरकार के मंत्रियों ने भी जवाब दिया है. 

'जनता ने देखा जंतर-मंतर पर क्या हुआ'

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि ग्रामीणों ने सीजेपी का इसलिए विरोध किया क्योंकि वह नहीं चाहते कि उनके बच्चे असंस्कारी और अमर्यादित भाषा सीखें.

मदन दिलावर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "भाजपा हमेशा चाहती है कि राजस्थान के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले, वे सीखें और उन्हें मूल्यों पर आधारित और अच्छी क्वालिटी की शिक्षा मिले. राजस्थान सरकार इसके लिए पूरे मन से काम कर रही है. लेकिन कांग्रेस और सीजेपी को राजस्थान में हो रही यह तरक्की पसंद नहीं आ रही है. मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में शिक्षा विभाग लगातार तरक्की क्यों कर रहा है? राजस्थान क्यों आगे बढ़ रहा है? शिक्षा का क्षेत्र लगातार क्यों बेहतर हो रहा है? इसीलिए वे परेशान हैं और हमारे बच्चों को शिक्षित करने और स्कूलों को बेहतर बनाने की हमारी कोशिशों में रुकावट डालना चाहते हैं."

मदन दिलावर ने आगे कहा, "राजस्थान की जनता जागरूक है. जंतर-मंतर पर सीजेपी ने गड़बड़ी की थी और अश्लील वातावरण बनाया था. ग्रामीणों ने यह सब टीवी पर देखा है, इसलिए व्यवधान करने के लिए आए कॉकरोच पार्टी के लोगों को कौन बर्दाश्त करेगा? इसलिए जागरूक जनता ने विरोध किया है. मुझे भी जानकारी मिली है कि उन्होंने जबर्दस्त विरोध किया है और गांव में घुसने नहीं दिया. कॉकरोच जनता पार्टी के लिए मुंह छिपा-छिपा कर भागे हैं. अपनी झेंप मिटाने के लिए मेरा इस्तीफा मांग रहे हैं."

'कांग्रेस कार्यकर्ता कर रहे गड़बड़ी'

वहीं, इस घटना को लेकर राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने आरोप लगाया है कि सीजेपी के विरोध के पीछे कांग्रेस का हाथ है. बेढम ने कहा, "कांग्रेस कार्यकर्ता खुद सीजेपी के मास्क पहनकर इलाके में कई जगहों पर गड़बड़ी फैलाने की साज़िश रच रहे थे. कांग्रेस कार्यकर्ता खुद सीजेपी के मास्क पहन रहे हैं और अपने ही लोगों पर पत्थर फिंकवा रहे हैं."

बेढम ने कहा कि कांग्रेस के लोग अलग-अलग मुखौटे पहनकर गांवों में जाकर शांति भंग करना चाहते हैं. इसलिए लोग उन्हें जवाब दे रहे हैं.

ये भी पढ़ें-: आशुतोष रांका ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम, जयुपर में CJP नेताओं पर हमले पर क्या बोले शिक्षा मंत्री?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
CJP, Madan Dilawar, Jawahar Singh Bedham, Rajasthan Education, Ashutosh Ranka
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com