राजस्थान में निकाय चुनाव को लेकर चल रही सरगर्मियों के बीच कोटपूतली-बहरोड़ जिले में भारतीय जनता पार्टी का एक प्रत्याशी के लापता होने की खबर आ रही है. बताया जा रहा है कि जिले के प्रागपुरा नगर पालिका क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बुधराम पिछले एक दिन से लापता हो गए हैं और उनका मोबाइल फोन भी बंद है. तमाम कोशिशों के बाद कोई जानकारी नहीं मिलने के बाद प्रत्याशी बुधराम के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है. इसके बाद पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू कर दी है.
डीएसपी उमेश निठारवाल ने बताया कि भांकरी निवासी राहुल चौधरी ने अपने पिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करवाई है. प्रागपुरा नगरपालिका के वार्ड नंबर 32 से भाजपा प्रत्याशी बुधराम के पुत्र राहुल चौधरी ने प्रागपुरा थाने में अपने पिता के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, बुधराम 1 अगस्त 2026 की दोपहर करीब 3 बजे घर से निकले थे. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे. काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की.
मोबाइल फोन पर नहीं हो रहा संपर्क
परिजनों ने आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन बुधराम का कोई सुराग नहीं मिल पाया. उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल बंद मिला. काफी तलाश के बाद भी जानकारी नहीं मिलने पर बेटे राहुल चौधरी ने पुलिस से गुमशुदगी दर्ज कर जल्द तलाश करने की मांग की.
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की है और लापता व्यक्ति की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस की टीम आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके साथ ही अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी बुधराम की तलाश की जा रही है. वहीं, निकाय चुनाव के बीच वार्ड 32 से भाजपा प्रत्याशी बुधराम के लापता होने की घटना से राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है. फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही उनके लापता होने की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. परिजन भी लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं.
ये भी पढ़ें-: नाहरगढ़ में बाड़े में 6-7 महिलाएं काट रही थीं घास, अचानक आ गया बाघ, एक को दबोचा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं