विज्ञापन

राजस्थान: 'हिंदू होकर के पादरी बन गया', पूर्व BJP विधायक ने धर्मांतरण के आरोपी को कोर्ट परिसर में जड़ा थप्पड़

अलवर के कथित धर्मांतरण मामले में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कोर्ट परिसर में पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने आरोपी राजकुमार को देखते ही अपना आपा खो दिया. आहूजा ने सबके सामने आरोपी को थप्पड़ जड़ दिया. जानें इसके बाद पुलिस ने क्या किया...

पुलिस हिरासत में आरोपी को थप्पड़ मारते हुए पूर्व बीजेपी विधायक.
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के अलवर में कथित धर्मांतरण के मामले (Alwar Religious Conversion Case) में शुक्रवार को नया मोड़ आ गया. कोर्ट परिसर में सुनवाई के लिए लाए गए मुख्य आरोपी राजकुमार (Rajkumar) को देखते ही बीजेपी से निष्कासित पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा (Gyandev Ahuja) अपना आपा खो बैठे और सबके सामने उसे थप्पड़ जड़ दिया. आहूजा के इस कदम से परिसर में अफरातफरी मच गई और पुलिस को तुरंत सुरक्षा घेरा सख्त करना पड़ा.

विहिप ने लगाए गंभीर आरोप

इस मामले की शुरुआत गुरुवार को अलवर की तंवर कॉलोनी में हुई, जहां एक मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं. विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रांत संयोजक प्रेम सिंह राजावत ने आरोप लगाया है कि वहां लोगों को बीमारी ठीक करने का झांसा देकर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाया जा रहा था. विहिप के मुताबिक, मौके से आपत्तिजनक धार्मिक साहित्य भी मिला है और सभा के दौरान हिंदू देवी-देवताओं को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं. इसी के चलते स्थानीय निवासी नितिन कुमार सैनी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था.

पूर्व बीजेपी विधायक ज्ञानदेव आहूजा और धर्मांतरण केस में आरोपी की राजकुमार की तस्वीर.

पूर्व बीजेपी विधायक ज्ञानदेव आहूजा और धर्मांतरण केस में आरोपी की राजकुमार की तस्वीर.
Photo Credit: NDTV Reporter

दिल्ली का रहने वाला है आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली निवासी आरोपी राजकुमार को तुरंत हिरासत में ले लिया था. पूछताछ में आरोपी का कहना है कि वह केवल ईसा मसीह की प्रार्थना सभा आयोजित करता है और यह सब लोगों की अपनी आस्था का विषय है. फिलहाल, थाना प्रभारी महेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस की टीम मकान मालिक और कार्यक्रम से जुड़े अन्य लोगों से भी गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके.

सवाल-जवाब के दौरान थप्पड़

शुक्रवार को जब आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा रहा था, तब वहां पहुंचे पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने आरोपी से सवाल-जवाब करने की कोशिश की. इसी दौरान उन्होंने गुस्से में आरोपी को थप्पड़ मार दिया. इस घटना के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सतर्क हो गए और आरोपी को दूसरी दिशा में ले गए. आरोपी इस दौरान अपने गाल पर हाथ रखे हुए काफी घबराया हुआ नजर आया. पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए कोर्ट परिसर व अन्य संवेदनशील इलाकों में नजर बनाए हुए है.

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में कब आएगा मानसून, बारिश कम होगी या ज्यादा? जान लें अपने हर सवाल का जवाब

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com