विज्ञापन

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गडकरी के दौरे से पहले हादसा, महाकाल से लौटते टूरिस्ट बस की टक्कर

केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी आज, 8 जुलाई को खुद कार से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर रहे हैं जिसपर लगातार हादसे हो रहे हैं.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गडकरी के दौरे से पहले हादसा, महाकाल से लौटते टूरिस्ट बस की टक्कर
टूरिस्ट बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया
NDTV

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे हादसों की वजह से लगातार चर्चा में है. पिछले साल से लेकर इस साल जून तक राजस्थान में इस एक्सप्रेसवे पर हुए हादसों में 60 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है. मामले की गंभीरता इसी बात से समझी जा सकती है कि एक्सप्रेसवे की निगरानी के लिए आज, 8 जुलाई को खुद केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इस एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर रहे हैं. लेकिन, उनके दौरे से ठीक पहले एक्सप्रेसवे पर फिर एक हादसा हो गया है. कोटा के पास उज्जैन से लौटती एक ट्रैवल बस और एक ट्रोले की टक्कर हो गई जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए.

महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे यात्री 

दिल्ली मुम्बई एक्सप्रेस वे पर ट्रैवल बस और ट्रोला की टक्कर बुधवार तड़के लगभग 3:50 बजे हुई. हादसा सुल्तानपुर के जालिमपुरा के पास हुआ. हादसे के बाद मौके पर सुल्तानपुर पुलिस की टीम पहुंची. थानाधिकारी दौलत कुमार साहू ने बताया कि टूरिस्ट बस उज्जैन से दिल्ली जा रही थी. इसमें महाकाल के दर्शन कर लोग लौट रहे थे. बस जालिमपुरा इंटरचेंज के पास रुकी थी. लेकिन इसी बीच पीछे से आ रहे एक ट्रोले ने बस में टक्कर मार दी जिससे मिनी बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह से नष्ट हो गया.

टूरिस्ट बस में लगभग 30 यात्री सवार थे. टक्कर में 15 लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सुल्तानपुर अस्पताल भेजा गया. इनमें से 5 गंभीर रूप से घायल थे जिन्हें कोटा रेफर किया गया. वहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. 

अधिकारियों ने बताया कि टूरिस्ट बस में दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी और उनके परिवार के 30 सदस्य सवार थे. ये सभी लोग उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे. हादसे में मृत व्यक्ति का नाम चरण सिंह (50 वर्ष) है जो उत्तर प्रदेश के बागपत के निवासी थे. पुलिस ने ट्रोले को जब्त कर जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद चालक फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है.

दो साल में 61 लोगों की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर राजस्थान की सीमा में पिछले साल हुए 33 हादसों में 35 लोगों की मौत हो गई थी. इस साल जून तक 24 हादसे हो चुके हैं. इस तरह पिछले दो साल में हादसों में कुल 61 लोगों की मौत हो चुकी है. इस महीने 1 जुलाई को भी एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हुआ था जिसमें 8 लोगों की जान गई थी और 28 लोग घायल हुए थे. हादसा एक जुलाई की देर रात करीब 2:30 बजे हरिद्वार से इंदौर जा रही एक बस और ट्रक की टक्कर से हुआ था.

ये भी पढ़ें-: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आज खुद उतरेंगे गडकरी, दौसा के पास दो साल में 61 मौतों के पीछे ये खामियां?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Mumbai Express Way, Delhi Mumbai Expressway Accident, Delhi Mumbai Expressway Accident Kota
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com