शहरी निकायों में नतीजे से पहले ही भाजपा ने अपने खेमे को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है. जयपुर नगर निगम के सभी 150 प्रत्याशियों को पार्टी ने प्रशिक्षण के नाम पर बगरू स्थित एक होटल में रखा है. जयपुर शहर जिला अध्यक्ष और उनकी टीम ने पार्षद प्रत्याशियों को पहले शहर कार्यालय बुलाया और फिर उन्हें एक होटल में शिफ्ट कर दिया गया. अब 22 सितंबर को उप महापौर के चुनाव तक सभी प्रत्याशी पार्टी की निगरानी में रहेंगे.
बीजेपी के पार्षदों की बाड़ेबंदी हो गई है. पार्टी ने जयपुर नगर निगम के अपने सभी प्रत्याशियों को एक साथ बगरू स्थित भंवर सिंह होटल में ठहराया है. चार अलग-अलग बसों में पार्टी प्रत्याशियों को होटल पहुंचाया गया. इससे पहले सभी प्रत्याशी जयपुर शहर ऑफिस पर जुटे. जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने सभी प्रत्याशियों को ट्रेनिंग देने की बात करते हुए कहा कि बीजेपी में बाड़ेबंदी नहीं बल्कि प्रशिक्षण होता है.
पार्षदों का रिकॉर्ड मेंटेन करने वाले जयपुर शहर महामंत्री नवरत्न नरानियां ने कहा कि पार्टी के सभी 150 पार्षद प्रत्याशी इस कैंप में पहुंच चुके हैं और इन पार्षद प्रत्याशियों को आने वाले समय में काम करने के तौर तरीके की ट्रेनिंग दी जाएगी. नरानियां ने कहा कि जहां तक मतगणना की बात है तो पार्षदों की तरफ से नियुक्त उनके काउंटिंग एजेंट वोटों की गिनती के समय मौजूद रहेंगे.

सास के साथ बीजेपी प्रत्याशी निधि सेन
Photo Credit: NDTV
बेटी को गोद में लेकर पहुंची प्रत्याशी
पार्षदों के ट्रेनिंग कैंप के दौरान एक भावुक नजर भी दिखा जब बीजेपी की पार्षद प्रत्याशी निधि सेन अपनी दो महीने की बच्ची को गोद में लेकर पार्टी कार्यालय पहुंची. इस दौरान उनकी सास मंजू देवी भी साथ रहीं. उन्होंने कहा कि पार्टी का आदेश है तो ट्रेनिंग कैंप में भी रहेंगे और दोनों सास बहू मिलकर बच्ची को संभाल लेंगे.
पार्षदों की बाड़ेबंदी के दौरान कुछ रोचक नजारे तब दिखे जब बस में बैठी पार्षद प्रत्याशियों ने कहा कि पार्टी ने उन्हें 22 तारीख तक के लिए बुलाया है, लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा है कि अगर 14 सितंबर को जीत गए, तो 22 तारीख तक रुकना होगा, वरना हार के साथ ही घर विदाई हो जाएगी.

बस में बिठाकर लाए गए 150 प्रत्याशी
Photo Credit: NDTV
उधर वार्ड नंबर 109 से बीजेपी के अल्पसंख्यक चेहरे के रूप में मैदान में उतरे जाकिर हुसैन खान ने कहा कि वह बाड़ेबंदी में नहीं बल्कि बीजेपी के प्रशिक्षण शिविर में जा रहे हैं. जाकिर हुसैन ने कहा कि वह पूरी तरह पार्टी के साथ हैं. उन्होंने किशनपोल से कांग्रेस के विधायक अमीन कागजी को जवाब देते हुए कहा कि चुनाव के नतीजे सब साफ कर देंगे कि किसकी जमानत बचती है और किसकी जब्त होगी?
बीजेपी ने तो अपने पार्षदों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का दावा किया और उसकी व्यवस्था भी की, लेकिन जैसे ही पार्षद बगरू स्थित भंवर सिंह होटल पहुंचे, तो वहां बाउंसर्स के बर्ताव और होटल के दोनों मुख्य दरवाजों पर लगे तालों ने बता दिया कि यह भले कहने को प्रशिक्षण शिविर हो लेकिन अब पार्षदों को ताले की निगरानी में रहना होगा.
ये भी पढ़ें-: जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 62 में आज फिर मतदान, 11 सितंबर को हुई थी गड़बड़ी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं